जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर जागरूकता शिविरों का आयोजन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), फरीदाबाद द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर तीन जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
फरीदाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), फरीदाबाद द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर तीन जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। ये शिविर लेबर चौक सेक्टर 14–15, लेबर चौक बदखल फ्लाईओवर तथा श्रम न्यायालय, फरीदाबाद में आयोजित किए गए।

यह कार्यक्रम संदीप गर्ग, जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, डीएलएसए, फरीदाबाद के मार्गदर्शन तथा जितेन्द्र सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सचिव, डीएलएसए, फरीदाबाद के कुशल पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जितेन्द्र सिंह ने श्रमिकों को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के महत्व के बारे में सरल शब्दों में बताया। उन्होंने इस दिन को मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए श्रमिकों के अधिकारों की जानकारी दी और उन्हें जागरूक किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
डीएलएसए के पैनल अधिवक्ताओं ने भी शिविरों में उपस्थित असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को जॉब कार्ड बनवाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। श्रमिकों को यह भी बताया गया कि जॉब कार्ड बनवाने के बाद वे विभिन्न प्रकार की सरकारी सुविधाओं और आर्थिक सहायता का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इन जागरूकता शिविरों का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों, कानूनी सहायता और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। शिविरों में श्रमिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और सभी ने इस पहल की सराहना की।

About The Author
संबंधित समाचार



