जटौला-ततारपुर रोड पर स्थित एडजैल केमिकल कंपनी में लगी आग, जिला प्रशासन राहत कार्यों में जुटा
जिला प्रशासन की तत्परता और मुस्तैदी से आग पर जल्द पाया गया काबू, कंपनी से सुरक्षित बाहर निकाले श्रमिक
जिला प्रशासन की तत्परता और मुस्तैदी से गुरुवार को पलवल के जटौला-ततारपुर रोड पर स्थित एडजैल केमिकल कंपनी में लगी आग पर जल्द काबू पा लिया गया।
पलवल: जिला प्रशासन की तत्परता और मुस्तैदी से गुरुवार को पलवल के जटौला-ततारपुर रोड पर स्थित एडजैल केमिकल कंपनी में लगी आग पर जल्द काबू पा लिया गया। जिला प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी के साथ कंपनी से श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ को जैसे ही घटना की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत एडीसी एवं जिला परिषद सीईओ जितेंद्र कुमार और एसडीएम भूपेंद्र सिंह को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। एडीसी तथा एसडीएम पलवल ने मौके पर जाकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
अतिरिक्त उपायुक्त जितेंद्र कुमार और एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने कंपनी में लगी आग के कारणों की पड़ताल की। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने आग पर लगातार पानी का छिडक़ाव कर आग पर काबू पाया तथा कंपनी में कार्य कर रहे श्रमिकों को तुरंत प्रभाव से सुरक्षित बाहर निकाला।

एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने आगजनी के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगजनी में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार कंपनी में केमिकल का टैंकर आया था, जिसे अनलोड करते समय आग लगी। केमिकल को दो सायलो में स्टोर किया जाता है। आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।
उन्होंने आगजनी की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बताया कि आगजनी की घटना के कारणों की जांच कर पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नज़र बनाए हुए है। समाचार लिखे जाने तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था और पूर्ण रूप से नियंत्रित किए जाने के लिए प्रयास जारी था। इस दौरान डीएसपी नरेंद्र खटाना, तहसीलदार दिनेश आदि संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

About The Author
संबंधित समाचार



