स्व-गणना के उपरांत 01 मई 2026 से घर-घर जनगणना और हाउस लिस्टिंग कार्य की होगी शुरुआत : उपायुक्त
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने किया आह्वान, सभी नागरिक जनगणना कार्य में करें सहयोग
हरियाणा जनगणना संचालन निदेशक डा. ललित जैन ने बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राज्य स्तरीय बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पलवल: हरियाणा जनगणना संचालन निदेशक डा. ललित जैन ने बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राज्य स्तरीय बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जनगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला पलवल से उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ वीडियो कांफ्रेंस से जुड़े।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने वीसी उपरांत संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्व गणना कार्य उपरांत शुक्रवार 1 मई से ग्राउंड सर्वे का कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि ग्राउंड सर्वे (हाउस-लिस्टिंग) जनगणना की एक महत्वपूर्ण और औपचारिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक घर और उसमें रहने वाले लोगों का सटीक विवरण एकत्र करना होता है। यह प्रक्रिया 1 मई 2026 से शुरू होकर 30 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान प्रशिक्षित गणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। वे प्रत्येक मकान की स्थिति, उपयोग (रिहायशी या गैर-रिहायशी), परिवार के सदस्यों की संख्या, उनकी आयु, लिंग, शिक्षा, और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करेंगे।
प्रदेशभर में घर-घर जाकर जनगणना और हाउस लिस्टिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गणनाकर्मी और पर्यवेक्षक जनगणना प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि गणनाकर्मी और पर्यवेक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनगणना का कार्य करें और जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करवाएं। हाउस-लिस्टिंग चरण पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह न केवल वर्तमान स्थिति का प्रतिबिंब प्रस्तुत करता है, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं के लिए एक मजबूत आधार भी तैयार करता है।
नहीं हटाई जाएगी जनगणना ड्यूटी : उपायुक्त
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी जनगणना से संबंधित सरकुलर को ध्यानपूर्वक पढक़र जनगणना से संबंधित कार्य करें। उन्होंने स्पष्टï कहा कि जनगणना में लगे किसी भी कर्मचारी की ड्यूटी हटाई नहीं जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि वे निदेशक जनगणना की ओर से जारी एडवाजरी की पूर्ण रूप से पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना ड्यूटी पर नियुक्त सभी कर्मचारी हाजरी रजिस्टर में अपनी हाजरी अवश्य लगाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना बारे अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए और जिला में जनगणना जागरूकता गतिविधियां चलाकर लोगों जनगणना बारे सहयोग करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने लोगों को गारबेज वैन में जनगणना जिंगल चलाकर व अन्य प्रचार माध्यमों से जनगणना बारे जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
जनगणना से संबंधित जानकारी रहेगी गोपनीय : उपायुक्त
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके माध्यम से हर नागरिक देश के विकास, नीतियों के निर्माण और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में योगदान देता है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जनगणना कार्य में सहयोग न करना या जानकारी देने से इनकार करना जनगणना अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले गणना कर्मियों और पर्यवेक्षकों का पूरा सहयोग करें और सही, सटीक व अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। किसी भी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक अपने संबंधित पर्यवेक्षक या तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जनगणना विभाग का हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जहां शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

About The Author
संबंधित समाचार



