Gurugram News: गुस्से ने उजाड़ा परिवार, पिता ने पत्नी और बेटे को मारी गोली
गुरुग्राम के अशोक विहार में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक सुरक्षा अधिकारी ने गुस्से में आकर पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने गुस्से और शक की आग में अपने ही परिवार को तबाह कर दिया।
मां-बेटे के डबल मर्डर केस में पुलिस जांच के दौरान जो सच सामने आया है, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पत्नी और बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने पूछताछ में कबूल किया कि पारिवारिक झगड़े ही इस खौफनाक वारदात की वजह बने।
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच झगड़े आम थे और हर बार बेटा अपनी मां के पक्ष में खड़ा होता था। यही बात आरोपी पिता को चुभती थी। शनिवार रात भी बहस तेज हुई, बेटा बीच-बचाव में आया और मां का साथ दिया। इसी दौरान गुस्से में कही गई एक बात ने माहौल को खूनी मोड़ दे दिया।
आरोप है कि आवेश में आकर अनिल कुमार ने लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी का इरादा पूरे परिवार को खत्म करने का था, लेकिन गोलियों की आवाज सुनकर बेटी और बहू ने समझदारी दिखाते हुए खुद को कमरे में बंद कर लिया और पुलिस को सूचना दी-जिससे एक बड़ा सामूहिक हत्याकांड टल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचीऔर देखा की घर के भीतर खून से सना मंजर था और आरोपी शवों के पास बैठा मिला। उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल, आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस सबूत जुटा रही है और इस दोहरे हत्याकांड की हर कड़ी खंगाल रही है।

About The Author
संबंधित समाचार



