Gurugram News: दिल्ली कूच से पहले गुरुग्राम में कांग्रेस नेताओं के घर पहुंची पुलिस, कई को रास्ते में रोका

ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव के घर के बाहर तैनात रही दो पीसीआर, प्रदेश प्रवक्ता मनीष खटाना के घर भी पहुंची पुलिस

Desh Rojana
On

दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस के दिल्ली कूच से पहले गुरुग्राम में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, पुलिस कई नेताओं के घर पहुंची और उन्हें दिल्ली जाने से मना किया। 

गुरुग्राम: दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस के दिल्ली कूच से पहले गुरुग्राम में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, पुलिस कई नेताओं के घर पहुंची और उन्हें दिल्ली जाने से मना किया। कुछ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोके जाने की भी जानकारी दी।

WhatsApp Image 2026-10-10 at 11.43.15 AM (1)

कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने बताया कि उनके घर के बाहर दो पीसीआर तैनात की गई हैं। ग्रामीण जिला कमेटी के सचिव डॉ. हरेंद्र सहरावत के तावडू स्थित आवास पर भी पुलिस पहुंची। सचिन बसोया समेत अन्य नेताओं ने भी पुलिस के आने की जानकारी दी। प्रदेश प्रवक्ता मनीष खटाना के अनुसार, पुलिस मदनपुरी स्थित उनके घर पहुंची और उन्हें बाहर नहीं जाने के लिए कहकर लौट गई। वहीं, कांग्रेस की शहरी इकाई के जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने बताया कि वह सुबह से घर से बाहर हैं और उनके आवास पर पुलिस नहीं पहुंची।

‘शांतिपूर्ण विरोध करना संवैधानिक अधिकार’:

वर्धन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाना अपराध नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण विरोध को रोकने का प्रयास कर रही है। उनके मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोके जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि असहमति की आवाज को दबाने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए और संविधान की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा।

दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सीमाओं पर निगरानी और आवाजाही को लेकर सख्ती की चर्चाओं के बीच गुरुग्राम में पुलिस की इस कार्रवाई से कांग्रेस नेताओं के दिल्ली पहुंचने को लेकर अनिश्चितता बनी रही। पुलिस की ओर से इस कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad