Gurugram News: सदर बाजार बना ‘कूड़ाघर’, राहगीरों की राह में कचरे के ढेर
शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख सदर बाजार की बदहाल तस्वीर नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। बाजार की मुख्य सड़क पर जगह-जगह कागज, प्लास्टिक और अन्य कचरा फैला हुआ है।
गुरुग्राम। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख सदर बाजार की बदहाल तस्वीर नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। बाजार की मुख्य सड़क पर जगह-जगह कागज, प्लास्टिक और अन्य कचरा फैला हुआ है। हालात ऐसे हैं कि दुकानदारों और खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी कचरे के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

बाजार में दुकानों के बाहर सामान और कपड़ों के ठेले लगे हैं, वहीं सड़क के बीचोंबीच कचरे के ढेर पैदल आवाजाही में बाधा बन रहे हैं। भीड़भाड़ वाले इस इलाके में सफाई नहीं होने से कूड़ा सड़क पर फैलता जा रहा है, जिससे गंदगी के साथ दुर्गंध और संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है।
सफाई व्यवस्था पर सवाल
सदर बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य बाजार की सड़क पर इस तरह कचरा पड़ा रहना सफाई व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। सवाल है कि जब बाजार में रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है तो नियमित सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था कहां है?
राहगीरों की परेशानी बढ़ी
कचरे के ढेर के कारण सड़क का उपयोग करने वाले लोगों को रास्ता बदलकर निकलना पड़ रहा है। दोपहिया और अन्य वाहनों की आवाजाही के बीच पैदल चलने वालों के लिए स्थिति और मुश्किल हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर कचरा नहीं उठाए जाने से समस्या लगातार बढ़ रही है।
नगर निगम से सवाल
क्या बाजार की नियमित सफाई के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की निगरानी हो रही है?
मुख्य बाजार से कचरा समय पर क्यों नहीं उठाया जा रहा?
दुकानदारों और ठेला संचालकों द्वारा सड़क पर कचरा फैलाने पर कार्रवाई क्यों नहीं?
क्या किसी बड़े हादसे या बीमारी के फैलने के बाद ही व्यवस्था जागेगी?
सदर बाजार की यह तस्वीर केवल गंदगी नहीं, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत का आईना है। अब देखना होगा कि नगर निगम इस बदहाल स्थिति को कब तक नजरअंदाज करता है और बाजार को कचरे से निजात कब मिलती है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



