Gurugram News: व्हाट्सएप पर महिला मैनेजर को भेजे अश्लील संदेश, दी जान से मारने की धमकी, आईटी इंजीनियर गिरफ्तार
एक कंपनी की महिला मैनेजर को व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश भेजने, गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक आईटी इंजीनियर को गिरफ्तार किया है।
गुरुग्राम: एक कंपनी की महिला मैनेजर को व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश भेजने, गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक आईटी इंजीनियर को गिरफ्तार किया है।

मामले के अनुसार इसी साल 21 मई को एक महिला ने पुलिस थाना सदर, गुरुग्राम में शिकायत दी कि वह एक निजी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर (एचआर) के पद पर कार्यरत है।
आरोपी ने उनकी कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद के लिए आवेदन किया था। 20 मई को आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से महिला को गाली-गलौज करते हुए अश्लील भाषा का प्रयोग किया तथा जान से मारने की धमकी दी, जिससे महिला को मानसिक उत्पीड़न हुआ और उसकी सुरक्षा को लेकर भय उत्पन्न हो गया।
शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 जुलाई को वृंदावन, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) से आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान पुनीत बरेजा निवासी मधुबन कॉलोनी, वृंदावन, जिला मथुरा (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी एक निजी कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम के माध्यम से आईटी इंजीनियर के रूप में कार्य करता है।
उसने उक्त कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद के लिए आवेदन किया था, जिसके माध्यम से उसका महिला शिकायतकर्ता से संपर्क हुआ। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से महिला को गाली-गलौज करते हुए अश्लील भाषा का प्रयोग किया तथा जान से मारने की धमकी वाले संदेश भेजकर उपरोक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



