Gurugram News: मोलशरी रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा, जेसीबी की टक्कर से मैकेनिकल इंजीनियर की मौत
मोलशरी रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास बृहस्पतिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय मैकेनिकल इंजीनियर तुषार कुमार की मौत हो गई। तुषार साइबर सिटी स्थित टीसीएस कंपनी में कार्यरत थे। हादसे के बाद जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम: मोलशरी रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास बृहस्पतिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय मैकेनिकल इंजीनियर तुषार कुमार की मौत हो गई। तुषार साइबर सिटी स्थित टीसीएस कंपनी में कार्यरत थे। हादसे के बाद जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार तुषार रात करीब 11 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से सेक्टर-37डी स्थित रामप्रस्था सोसायटी स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोलशरी रैपिड मेट्रो स्टेशन के नजदीक पीछे से आ रही जेसीबी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तुषार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद जेसीबी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस जेसीबी चालक की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
हेलमेट को लेकर परिजनों ने उठाए सवाल:
मूल रूप से मथुरा के शांति नगर निवासी तुषार सेक्टर-37डी की रामप्रस्था सोसायटी में अपने ताऊ सेवानिवृत्त इंजीनियर ओमप्रकाश सिंह के साथ रहते थे। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता हरीश कुमार मथुरा में रहते हैं।
तुषार के ताऊ ओमप्रकाश सिंह के अनुसार तुषार हमेशा हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाते थे। उन्होंने बताया कि तुषार का हेलमेट काफी मजबूत था और हादसे के बाद मौके से हेलमेट भी नहीं मिला। चिकित्सकों ने मौत का कारण सिर में लगी चोट बताया है।
परिजनों ने हेलमेट के मौके से नहीं मिलने और सिर में चोट लगने को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की गहनता से जांच करने तथा हादसे की पूरी परिस्थितियों और तुषार की मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।




