Kaithal/Gulha Cheeka News: गुुहला में अभी और बढ़ेगा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया ये अलर्ट
गुहला में मौसम अगले सात दिनों तक लगातार उतार-चढ़ाव भरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार समूचे हरियाणा राज्य की भांति गुहला में भी एक बार फिर गर्मी तेज होने वाली है।
गुहला चीका: गुहला में मौसम अगले सात दिनों तक लगातार उतार-चढ़ाव भरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार समूचे हरियाणा राज्य की भांति गुहला में भी एक बार फिर गर्मी तेज होने वाली है। 8 से 10 जून के बीच अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और कई जिलों में लू (हीटवेव) चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी, जिससे दोपहर के समय लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। विभाग पहले ही संकेत दे चुका है कि जून महीने में सामान्य से अधिक हीटवेव वाले दिन दर्ज किए जा सकते हैं।
11 जून से फिर बदलेगा मौसम: गर्मी के इस दौर के बाद 11 और 12 जून को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 11 जून को कुछ स्थानों पर लू और आंधी-बारिश की गतिविधियां एक साथ देखने को मिल सकती हैं। वहीं 12 जून को भी मौसम खराब रहने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने के संकेत हैं।
तापमान में तेजी से बढ़ोतरी: पिछले 24 घंटों के दौरान औसत अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि यह अभी सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है। दूसरी ओर औसत न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, लेकिन यह सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

About The Author
संबंधित समाचार



