Faridabad News: आर्य नगर की 13 गलियों के निर्माण कार्य का विधायक मूलचंद शर्मा ने कराया शुभारंभ
वार्ड-42 स्थित आर्य नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरियाणा पंडित मूलचंद शर्मा ने स्थानीय निवासियों के हाथों नारियल फुड़वाकर 13 गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया
बल्लभगढ़। वार्ड-42 स्थित आर्य नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरियाणा पंडित मूलचंद शर्मा ने स्थानीय निवासियों के हाथों नारियल फुड़वाकर 13 गलियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। 
नगर निगम की ग्रांट से लगभग 65 लाख रुपये की लागत से आरएमसी सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर विधायक पंo मूलचंद शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने पर लगभग 3 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों को वर्ष 2024 के विधानसभा चुनावों से पूर्व ही स्वीकृत करा लिया गया था, लेकिन चुनाव प्रक्रिया के चलते उस समय कार्य आरंभ नहीं हो सका। चुनावों के बाद सबसे पहले सीवर और पानी की लाइन बिछाने का कार्य पूरा कराया गया और अब गलियों के निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक समय आर्य नगर की गलियों में जलभराव की गंभीर समस्या रहती थी। सरकार से स्वीकृति लेकर पहले क्षेत्र में टाइल्स वाली गलियों का निर्माण कराया गया था और अब अधिकांश मूलभूत सुविधाओं के कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और प्रत्येक नागरिक को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि बल्लभगढ़ के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। एलिवेटेड पुल के निर्माण से बल्लभगढ़ की सुंदरता बढ़ेगी और शहर को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। इसके अलावा सोहना फ्लाईओवर तथा मुजेसर अंडरपास के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी। इस अवसर पर टिपरचंद शर्मा, नॉमिनेट पार्षद योगेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष संजय जांगिड़, पारस जैन, स्वराज भाटी, सीएम विंडो एमिनेंट सदस्य राहुल गोयल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष लखमीचंद भारद्वाज, प्रधान रामकिशन शर्मा, मन की बात जिला प्रमुख राजकुमार शर्मा, सुनील शास्त्री, सतवीर वैष्णव, सचिन गर्ग, कुंवर सिंह, देवा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, कॉलोनी की महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



