फिरौती लेकर चोरी की बाइक छोड़ने का आरोपी ओसमा गिरफ्तार, पांच मोटरसाइकिल बरामद
जिला पुलिस ने एक ऐसे वाहन चोर को गिरफ्तार किया है जो वाहन छोड़ने के बदले में फिरौती लेता था। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है।
नूंह: जिला पुलिस ने एक ऐसे वाहन चोर को गिरफ्तार किया है जो वाहन छोड़ने के बदले में फिरौती लेता था। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के आदेश एवं उप पुलिस अधीक्षक अक्षय नरवाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एवीटी स्टाफ नूंह लगातार सक्रिय कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में 16 अप्रैल को पुलिस टीम ने ओसमा उर्फ बिलाल पुत्र जुबेर उर्फ भूत निवासी रूपड़ाका, जिला पलवल को एक चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। जांच के दौरान मोटरसाइकिल के इंजन व चेसिस नंबर की पुष्टि करने पर यह थाना सदर नूंह में दर्ज मुकदमा से संबंधित पाई गई। आरोपी से कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 17 अप्रैल को अदालत नूंह में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तावडू (नूंह) एवं दिल्ली क्षेत्र से चोरी की गई कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनका संबंध विभिन्न मामलों से है, जिनमें सिटी तावडू, सदर तावडू, केशवपुरम दिल्ली तथा नेबी सराय दिल्ली थानों में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। बरामद सभी मोटरसाइकिलों को थाना सदर नूंह में जमा कराया गया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को चुराकर उनके बदले में रुपए लेकर छोड़ने का काम करता था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब इस पूरे गिरोह और इसके अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। इसके अतिरिक्त एक अन्य मामलें में भी आरोपी की निशानदेही पर आगे बरामदगी की कार्रवाई की जाएगी । आरोपी को आज नियम अनुसार अदालत में पेश किया जाएगा ।
नूंह पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है और पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।




