प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना है योजना का उद्देश्य : अखिल पिलानी
उपायुक्त अखिल पिलानी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना (पीएमएसजी:एमबीवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जिला नूंह के सभी सरपंचों एवं पार्षदों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
नूंह:उपायुक्त अखिल पिलानी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना (पीएमएसजी:एमबीवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जिला नूंह के सभी सरपंचों एवं पार्षदों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना, घरेलू बिजली व्यय में कमी लाना तथा नागरिकों को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है।
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी आवासीय उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर (आरटीएस) सिस्टम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे न केवल उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, जिसमें एक किलोवाट पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट (अधिकतम सीमा तक) पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी शामिल है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा भी पात्र श्रेणियों के लिए अतिरिक्त सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने सभी ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम सभाओं, वार्ड बैठकों एवं जनसभाओं के माध्यम से इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित पंजीकरण आधिकारिक पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 15555 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं मार्गदर्शन से प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के उद्देश्यों की पूर्ति सुनिश्चित होगी और जिला नूंह स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की दिशा में एक सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



