हैप्पी योजना के तहत 20 हजार लाभार्थियों को कार्ड वितरण का कार्य शुरू
बस स्टैंड से अपना कार्ड प्राप्त कर सकते हैं लाभार्थी
हरियाणा सरकार द्वारा संचालित हैप्पी कार्ड योजना के अंतर्गत पलवल जिला में 20 हजार लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बस डिपो पलवल में बृहस्पतिवार को लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड प्रदान किए गए।
पलवल: हरियाणा सरकार द्वारा संचालित हैप्पी कार्ड योजना के अंतर्गत पलवल जिला में 20 हजार लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बस डिपो पलवल में बृहस्पतिवार को लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड प्रदान किए गए। हरियाणा रोडवेज पलवल में कार्यरत अतुल पांडे के नेतृत्व में कार्डों को वितरण हुआ।
इस अवसर पर अतुल पांडे ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा संचालित हैप्पी कार्ड योजना, जिसे हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) के नाम से जाना जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य गरीब व जरूरतमंद परिवारों को सस्ती और सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में एक वर्ष में 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा करने की सुविधा प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत वे परिवार पात्र हैं, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख रुपये या उससे कम है। लाभार्थियों को एक स्मार्ट कार्ड (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) जारी किया जाता है, जिसे उपयोग से पहले सक्रिय (एक्टिवेट) कराना आवश्यक होता है। पलवल जिले में 20 हजार हैप्पी कार्ड उपलब्ध हो चुके हैं, जिन पात्र लाभार्थियों के मोबाइल फोन पर हैप्पी कार्ड योजना से संबंधित संदेश प्राप्त हुआ है, वे अपने हैप्पी कार्ड पलवल बस स्टैंड से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना अंत्योदय परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाएं और समय पर अपने हैप्पी कार्ड प्राप्त कर परिवहन सुविधा का लाभ लें।
गांव फिरोजपुर निवासी सतपाल ने बताया कि हैप्पी कार्ड योजना के तहत कार्ड बनकर आ चुका है। सरकार की यह अच्छी योजना है,जिसके तहत हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर कर सकते है। गांव बढराम निवासी प्रदीप ने बताया कि योजना के तहत हरियाणा रोडवेज की बसों में 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा करने की सुविधा प्रदान की जाती है।

About The Author
संबंधित समाचार



