नूंह जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कार्यों में तेजी, विभिन्न योजनाओं पर प्रगति जारी : उपायुक्त अखिल पिलानी

Desh Rojana
On

उपायुक्त अखिल पिलानी ने लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला की एमसीए के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़क सफाई, ताजा कचरे के प्रसंस्करण, नालों की सफाई तथा एस्पिरेशनल टॉयलेट निर्माण जैसे कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।

नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी ने लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला की एमसीए के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़क सफाई, ताजा कचरे के प्रसंस्करण, नालों की सफाई तथा एस्पिरेशनल टॉयलेट निर्माण जैसे कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।IMG-20260422-WA0087
उन्होंने जानकारी दी कि नगर परिषद/नगरपालिकाओं में डोर-टू-डोर कलेक्शन का कार्य निर्धारित शर्तों के अनुसार जारी है। इसके तहत आवश्यक मानव संसाधन भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि सड़क सफाई के कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा कुछ क्षेत्रों में यह कार्य नगर परिषद स्तर पर ही किया जा रहा है। वहीं, अन्य स्थानों पर टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा।
ताजा कचरे के प्रसंस्करण के संबंध में उन्होंने कहा कि निदेशक, शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कचरे को प्रोसेसिंग साइट तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई है तथा कार्य प्रगति पर है।
नालों की सफाई को लेकर उपायुक्त ने बताया कि जिले में अधिकांश स्थानों पर सफाई कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है। शेष नालों की सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, जिले में एस्पिरेशनल टॉयलेट निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। नूंह, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना और तावडू में कुल प्रस्तावित शौचालयों में से कई का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य जारी है। जहां कार्य में देरी पाई गई है, वहां संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं तथा समय पर कार्य पूरा न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करें।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त दलबीर सिंह फोगाट सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad