26 अप्रैल को साइबर सिटी में जुटेंगे प्रदेश भर के श्रमिक
श्रमिक जागरूकता सम्मान समारोह के सीएम सैनी होंगे मुख्यातिथि -- डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
साइबर सिटी में 26 अप्रैल को प्रदेशभर के श्रमिक एकत्रित होंगे। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल खेल परिसर में हरियाणा भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड, श्रम विभाग द्वारा “श्रमिक जागरूकता सम्मान समारोह” आयोजित होगा।
गुरुग्राम: साइबर सिटी में 26 अप्रैल को प्रदेशभर के श्रमिक एकत्रित होंगे। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल खेल परिसर में हरियाणा भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड, श्रम विभाग द्वारा “श्रमिक जागरूकता सम्मान समारोह” आयोजित होगा। इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में डीसी उत्तम सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और समयबद्ध तरीके से सभी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए गए।
डीसी उत्तम सिंह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कानून व्यवस्था व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, ट्रैफिक मैनेजमेंट की प्रभावी योजना तैयार करने तथा पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए अतिरिक्त श्रम आयुक्त कुशल कटारिया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ऐसे में आयोजन से जुड़े सभी विभागीय अधिकारी उनके साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करें ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
डीसी ने कहा कि आयोजन में हरियाणा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रमिकों पहुंचेंगे। ऐसे में पार्किंग स्थल से आयोजन स्थल तक उनके सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आयोजन स्थल पर मुख्य मंच एवं विशिष्ट अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने के साथ-साथ आमजन के लिए पर्याप्त बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
डीसी ने फायर एवं इमरजेंसी सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने, एम्बुलेंस व स्वास्थ्य सेवाओं की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो।

About The Author
संबंधित समाचार



