जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने खंड हथीन के दो विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
हथीन: जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने खंड हथीन के दो विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। हथीन बहीन स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण करते जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत
सबसे पहले दोपहर करीब 1:55 बजे वे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय,बहीन पहुंचे। यहां विद्यालय के प्रिंसिपल शिव कुमार गुप्ता अवकाश पर थे, जबकि अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी 2:08 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बॉयज) पहुंचे। यहां उपस्थिति रजिस्टर की जांच के दौरान कई गड़बड़ियां सामने आईं। जांच में पाया गया कि प्रिंसिपल अंजली अवकाश पर थीं, लेकिन कुछ शिक्षक उपस्थिति दर्ज कर विद्यालय से अनुपस्थित मिले।
जानकारी के अनुसार, टीजीटी फिजिकल एजुकेशन पूनम ने दोपहर 2:10 बजे उपस्थिति दर्ज रिकॉर्ड कराई, लेकिन वह विद्यालय में मौजूद नहीं थीं। इसी प्रकार प्रवक्ता इतिहास संदीप ने भी 2:10 बजे हस्ताक्षर कर विद्यालय छोड़ दिया। वहीं, सबसे गंभीर मामला तब सामने आया जब प्रवक्ता रसायन शास्त्र संदीप सिंह ने 2:40 बजे की उपस्थिति दर्ज कर दी, जबकि उस समय 2:10 बजे ही थे।
इस पर जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने कड़ा रुख अपनाते हुए विद्यालय प्रभारी प्रवक्ता करमवीर सिंह से जवाब-तलब किया। करमवीर सिंह ने बताया कि उन्हें शिक्षकों के विद्यालय से जाने की कोई जानकारी नहीं थी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यालयों में अनुशासन और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।