हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की 12 वीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा दीपिका को शुभकामनाएं दीं।
रेवाड़ी। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की 12 वीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा दीपिका को शुभकामनाएं दीं। मंत्री आरती सिंह राव दीपिका मेघवाल का सम्मान करते हुए। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री रेवाड़ी जिले के गांव चिल्हड़ स्थित विवेकानंद स्कूल पहुंचीं, जहां उन्होंने दीपिका और उसके परिवार से मुलाकात कर इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी। इस अवसर पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी भी मौजूद रहीं और छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि दक्षिणी हरियाणा शिक्षा का हब बन रहा है और शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेशभर में रेवाड़ी जिला प्रसिद्धि पा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के जाट गांव की बेटी दीपिका ने पूरे हरियाणा में टॉप कर जिले व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि दीपिका की मेहनत, लगन और अनुशासन प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं और प्रदेश व देश का गौरव बढ़ा रही हैं। मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलों सहित सभी क्षेत्रों में बेहतरीन योजनाएं धरातल पर लागू हो रही हैं, जिनका लाभ युवाओं और विद्यार्थियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
छात्रा दीपिका मेघवाल ने बताया कि उसका सपना संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर देश सेवा करना है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने उसे शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दृढ़ निश्चय और निरंतर मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने दीपिका के माता-पिता और शिक्षकों को भी इस सफलता का श्रेय देते हुए बधाई दी। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक गण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दीपिका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।