Faridabad News : मेयर प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ नगर निगम का जनसुनवाई शिविर
जनसुनवाई शिविर में 44 शिकायतों पर हुई सुनवाई
नगर निगम फरीदाबाद द्वारा प्रत्येक सोमवार को निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किए जाने वाले जनसुनवाई शिविर का आयोजन मेयर प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में किया गया।
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा प्रत्येक सोमवार को निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किए जाने वाले जनसुनवाई शिविर का आयोजन मेयर प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में किया गया। 
शिविर में नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस अवसर पर निगम के अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल, निगम सचिव अनिल यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई से जुड़े रहे। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की तथा समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान डबुआ कॉलोनी स्थित ई डब्ल्यूएस स्कीम के फ्लैटों में बिना वैध दस्तावेजों के कुछ लोगों द्वारा जबरन फ्लैटों में घुस कर कब्जा किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई। जिसके संबंध में संबंधित अधिकारी को फ्लैटों में सर्वे कर कागजात चेक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित समस्याएं, गांव चंदावली के वाल्मीकि मोहल्ले में अवैध कब्जे की शिकायत, सेक्टर-15 मार्केट में बिना अनुमति स्ट्रीट वेंडरों द्वारा अतिक्रमण, वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) प्रणाली को दुरुस्त कराने तथा राजीव कॉलोनी में प्रॉपर्टी आईडी एवं टैक्स राशि में सुधार से जुड़ी शिकायतें भी नागरिकों द्वारा रखी गईं। इसके अलावा वार्ड-6 से सीवर के ढक्कनों की मरम्मत एवं गली निर्माण तथा एसजीएम नगर, सेक्टर-48 से सड़क निर्माण करवाने संबंधी शिकायतें भी जनसुनवाई शिविर में प्राप्त हुईं। मेयर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। नगर निगम प्रशासन द्वारा जनहित से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जनसुनवाई शिविरों का नियमित आयोजन किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु एक प्रभावी मंच उपलब्ध हो रहा है। इस मौके पर पार्षदों में मनोज नासवा, कुलदीप साहनी, प्रदीप टोंगर, जसवंत सैनी, करण सिंगला भी मौजूद रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



