Faridabad News: एसआईआर-2026 में सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से बनेगी शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची: ईआरओ एनआईटी 86 एवं एडीसी अंजलि श्रोत्रिया
- जनप्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठन और राजनीतिक दल निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका : ईआरओ पृथला एवं संपदा अधिकारी नवीन कुमार
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के संबंध में शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), 86-एनआईटी विधानसभा क्षेत्र अंजलि श्रोत्रिया तथा सम्पदा अधिकारी-1 सह निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), 85-पृथला विधानसभा क्षेत्र द्वारा अपने-अपने कार्यालयों में प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया गया।
फरीदाबाद: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के संबंध में शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), 86-एनआईटी विधानसभा क्षेत्र अंजलि श्रोत्रिया तथा सम्पदा अधिकारी-1 सह निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), 85-पृथला विधानसभा क्षेत्र द्वारा अपने-अपने कार्यालयों में प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए आमजन, जनप्रतिनिधियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), सामाजिक संगठनों तथा राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
.jpeg)
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एडीसी एवं ईआरओ, 86-एनआईटी विधानसभा क्षेत्र अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने तथा सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने तथा निर्वाचन आयोग की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहयोग करने का आह्वान किया।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि व्यापक जनसहभागिता से ही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराएं तथा सत्यापन प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करें।
वहीं सम्पदा अधिकारी-1 सह निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ), 85-पृथला विधानसभा क्षेत्र ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) निर्धारित अवधि के दौरान घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा सूची को अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों, सामाजिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर इस अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के एसआईआर की अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक सत्यापन का कार्य पूरा करेंगे, मतदान केंद्रों का पुनर्गठन 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को होगा, दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक निर्धारित है, दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
दोनों अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों तथा राजनीतिक दलों से एसआईआर-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

About The Author
संबंधित समाचार



