Gurugram News: मोटापा घटाने की दवा के नाम पर हो रही थी ठगी, कॉल सेंटर पकड़ा
सोशल मीडिया पर प्रसारित करते थे विज्ञापन
साइबर सिटी में वजन कम करने के नाम पर लोगों को चूना लगाने वाले एक बड़े कॉल सेंटर का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
गुरुग्राम: साइबर सिटी में वजन कम करने के नाम पर लोगों को चूना लगाने वाले एक बड़े कॉल सेंटर का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। साइबर अपराध थाना पश्चिम की टीम ने उद्योग विहार फेज पांच में छापा मारकर तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान आया नगर निवासी मंदीप, दिल्ली के रंगपुरी निवासी नेहा और सुशांत लोक निवासी वर्षा के रूप में की गई। इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने मौके से 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड और 12 लैपटॉप बरामद हुए हैं।
एसीपी गौरव फोगाट के निर्देशन में इंस्पेक्टर संदीप कुमार की टीम ने शनिवार को कार्रवाई की। आरोपी क्यूरेस्ट साइंस एंड वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर हर्बल दवाओं के विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापन पर क्लिक करते ही कॉल सेंटर से फोन आ जाता था।
कॉल सेंटर से गिरफ्तार महिलाएं खुद को डॉक्टर, डायटीशियन और ब्यूटीशियन बताकर लोगों को झांसे में लेती थीं। दवा से वजन न घटने पर सौ प्रतिशत रिफंड का वादा करते, फिर नंबर ब्लॉक कर दिया जाता था।
गुजरात तक फैला था नेटवर्क
जांच में सामने आया कि गैंग ने कई महीनों तक गुजरात में लोगों को इसी तरह फंसाया और करोड़ों रुपये ठगे। हरियाणा, दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों के लोगों को भी निशाना बनाया गया। ये आरोपित एक कंपनी की तरह पूरे नेटवर्क को चला रहे थे। कर्मचारियों के नाम पर लिए गए सिम से कॉल की जाती थी।
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले वजन घटाने, लोन या इनाम वाले विज्ञापनों पर आंख बंद कर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल की जानकारी 1930 पर दें। पुलिस टीम बरामद इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। अन्य आरोपितों की भूमिका की भी गहराई से पड़ताल की जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



