Gurugram News: कब्जा मुक्त हुई सेक्टर 58- 59 मास्टर रोड -- जीएमडीए ने 1.5 किलोमीटर क्षेत्र से हटाया अतिक्रमण

-- 20 अवैध शेड और खोखे हटाए गए* -- 48 घंटे के भीतर ग्रीन बेल्ट पुनर्विकास कार्य शुरू होगा मंजू कुमारी, गुरुग्राम

Desh Rojana
On

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा सेक्टर 58 और 59 के बीच स्थित 60 मीटर चौड़ी सेक्टर डिवाइडिंग रोड पर एक व्यापक अतिक्रमण के विरूद्ध अभियान चलाया गया।

गुरुग्राम: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा सेक्टर 58 और 59 के बीच स्थित 60 मीटर चौड़ी सेक्टर डिवाइडिंग रोड पर एक व्यापक अतिक्रमण के विरूद्ध अभियान चलाया गया। यह अभियान लगभग 1.5 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में चलाया गया, जिसका उद्देश्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करना, ग्रीन बेल्ट को पुनर्स्थापित करना तथा शहरी आधारभूत संरचना एवं सार्वजनिक स्थानों को बेहतर बनाना था।   IMG-20260520-WA0018
लगभग एक माह पूर्व, गुरुग्राम में अतिक्रमण के नोडल अधिकारी एवं डीटीपी जीएमडीए, आरएस बाठ ने जीएमडीए की प्रवर्तन टीम के साथ उक्त क्षेत्र का निरीक्षण किया था तथा अतिक्रमणकारियों को सभी अवैध निर्माण एवं ढांचों को स्वयं से हटाने के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के उपरांत, सरकारी भूमि पर निरंतर अतिक्रमण के विरुद्ध चेतावनी देते हुए पूरे सड़क खंड पर दो बार सार्वजनिक घोषणाएं भी करवाई गई थीं। निर्देशों का पालन न किए जाने पर आज अवैध अतिक्रमण हटाने हेतु प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
सेक्टर 58/59 क्षेत्र में यह प्रवर्तन कार्रवाई आरएस बाट के नेतृत्व में संपन्न हुई। सेक्टर-65 थाना से एएसआई परवीन एवं 15 पुलिसकर्मियों की टीम ने जीएमडीए प्रवर्तन दल के साथ समन्वय में अभियान में सहयोग किया। ध्वस्तीकरण एवं सफाई कार्य के लिए एक जेसीबी मशीन भी तैनात की गई।
अभियान के दौरान ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से लगभग 20 अस्थायी शेड और खोखे हटाए गए। सरकारी भूमि पर लगाए गए कई अवैध साइनबोर्ड एवं विज्ञापन बोर्ड भी हटाए गए। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक भूमि पर बनाए गए लगभग 10 अवैध टिन-शेड दुकानों को ध्वस्त किया गया और कुछ दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध विस्तार भी हटाए गए। 
 
खोखे से हो रही थी किराया वसूली 
 
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को बताया कि कई अस्थायी खोखे कुछ स्थानीय व्यक्तियों द्वारा लगवाए गए थे, जो सरकारी भूमि के उपयोग के लिए ₹10,000 से ₹30,000 तक का किराया वसूल रहे थे। यह भी पाया गया कि कई रेहड़ी संचालक स्वतंत्र विक्रेता न होकर कर्मचारियों के रूप में कार्य कर रहे थे। सभी उल्लंघनकर्ताओं को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
 
अब होगा ग्रीन बेल्ट का विकास 
 
इसके अतिरिक्त, ग्रीन बेल्ट के विकास एवं रखरखाव के लिए एमओयू के तहत नियुक्त कंपनी के प्रतिनिधि भी मौके पर उपस्थित रहे। उन्हें तत्काल विकास कार्य शुरू करने, सुरक्षा ग्रिल लगाने तथा अगले 48 घंटों के भीतर ग्रीन बेल्ट पुनर्स्थापन कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। कुछ स्थानों पर आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों द्वारा अवैध पार्किंग भी देखी गई, जिस पर भविष्य में रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए।
 
हम इस प्रकार के अतिक्रमण को हटाने के साथ-साथ ग्रीन बेल्ट के विकास और पुनर्स्थापन पर भी लगातार ध्यान केंद्रित करेंगे। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने शहर के विकास और सार्वजनिक आधारभूत संरचना के प्रभावी रख-रखाव के लिए  सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
आरएस बाठ, नोडल अधिकारी, जीएमडीए 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad