करनाल में सड़क पर कहर: बोलेरो को रोककर डंडों से हमला, दो लोग गंभीर घायल
करनाल में घरौंडा से चंडीगढ़ जा रही बोलेरो को बीच रास्ते में रोककर कार सवारों ने डंडों से हमला किया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मधुबन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के करनाल जिले से एक सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां घरौंडा से चंडीगढ़ जा रही एक बोलेरो गाड़ी को बीच रास्ते में साजिश के तहत रोका गया और फिर उस पर बेरहमी से हमला किया गया। तेज रफ्तार में आई एक कार ने पहले बोलेरो के आगे अचानक ब्रेक लगाया, जिससे जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद हालात और भी खतरनाक हो गए, जब कार सवार आरोपी गाड़ी से उतरे और अपने साथियों के साथ मिलकर डंडों से हमला किया। इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों ने मामले की शिकायत मधुबन पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पानीपत की देसराज कॉलोनी निवासी नितिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कल ड्राइवर सलमान पुत्र युसुफ के साथ घरौंडा से कालरम रास्ते होते हुए चंडीगढ़ जा रहा था। बोलेरो गाड़ी में रेलवे का सामान लोड था। रास्ते में एक कार तेज रफ्तार से आई और उनकी गाड़ी के आगे अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे दोनों गाड़ियों की टक्कर हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि नितिन की मेडिकल रिपोर्ट में एक गंभीर चोट दर्ज की गई है और एक्स-रे कराने की सलाह दी गई है। वहीं सलमान की मेडिकल रिपोर्ट में तीन चोटें दर्ज हैं, जिनमें से एक की रिपोर्ट अभी लंबित है और दो चोटें साधारण बताई गई हैं। मामले में थाना मधुबन पुलिस ने 26 मई को मुकदमा दर्ज किया है और जांच की जिम्मेदारी एसआई राममेहर को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और एक्स-रे रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




