Kurukshetra/Ladwa: शिकायतकर्ता को धमकी देने वालों पर केस और एसडीओ ने रास्ते में खंभे और ट्रांसफार्मर लगवाए उसके खिलाफ होगी कार्रवाई :नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान 338 शिकायतों को सुना
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस एसडीओ ने गांव बकाली में खेत के रास्ते के बीच में खंभे और ट्रांसफार्मर लगाए उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस मामले की एसडीएम लाडवा जांच करेंगे। इसके साथ ही पुलिस को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को धमकी देने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।
कुरुक्षेत्र/लाडवा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस एसडीओ ने गांव बकाली में खेत के रास्ते के बीच में खंभे और ट्रांसफार्मर लगाए उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस मामले की एसडीएम लाडवा जांच करेंगे। इसके साथ ही पुलिस को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को धमकी देने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। इतना ही नहीं आम नागरिकों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का विकास हो और हर नागरिक का उत्थान संभव हो सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को लाडवा के शिवाला रामकुंडी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन के बीच पहुंचकर सीधा संवाद कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी भी मौजूद रहे। इस जन संवाद कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, विकास शर्मा, अमरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नागरिकों को कहा कि सभी नागरिक शिकायत पत्र पर अपना मोबाइल नंबर जरुर लिखें, ताकि विभाग उनसे संपर्क किया जा सके। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान 338 शिकायतों को सुना।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का यह मंच हमारे क्षेत्र के सतत विकास, जनकल्याण और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का प्रतीक है। लाडवा विधानसभा क्षेत्र में बीते समय के दौरान जो विकास कार्य हुए हैं, वे यह सिद्ध करते हैं कि सरकार की नीति और नियत दोनों जनहित के लिए समर्पित हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ एक है, बल्कि इस क्षेत्र का विकास और यहां के हर नागरिक का उत्थान करना है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को कहा कि कोई भी नागरिक जब शिकायत लेकर आता है तो उनकी सुनवाई कर शिकायत का निदान करें। उस शिकायत को लेकर किसी भी नागरिक को दोबारा से चक्कर ना लगाना पड़े।
मुख्यमंत्री के समक्ष शिकायतकर्ता ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने कई वर्ष पहले बकाली में करीब 7 एकड़ जमीन ली थी। इसकी मलकियत में ही रास्ता भी तय था, यहां पर जमीन लेने से कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा और उन्होंने एसडीओ से मिलकर उनके खेत के रास्ते में बिजली का ट्रांसफार्मर व खंभे लगवा दिए। अब उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश दिए है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनौरा जाटान निवासी जसबीर सिंह की शिकायत पर शिक्षा विभाग को निर्देश देते हुए स्कूल की फिजिबिलिटी चैक करने के उपरांत 12वीं तक का किया जाए। इसी तरह नरेश पाल की शिकायत पर मार्केटिंग बोर्ड को निर्देश दिए कि बरसात का सीजन शुरू होने से पहले खिड़की विरान से रुड़की गांव के बीच का रास्ता तैयार किया जाए, ताकि इस रास्ते से होकर जाने वाले लगभग 6 गांवों के नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो और पीडब्ल्यूडी विभाग को गांव कनीपला की सड़क का निर्माण बरसात के सीजन से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए जल्द से जल्द ऑनलाइन नाम ठीक करने की प्रक्रिया को पूरा करने के उपरांत आरटीई के तहत बच्चे का प्राइवेट स्कूल में दाखिला करवाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कालीरानो निवासी बलविंद्र सिंह के खेत में ट्रांसफार्मर को बदलने आज ही पूरा किया जाए। ऐसे कोई भी नागरिक अपनी समस्या को लेकर 4-4 महीने तक विभाग के चक्कर लगाए, इस व्यवस्था को सहन नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही मुनियार पुर निवासी भगत सिंह का चोरी हुआ ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर रखा जाए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस को निर्देश देते हुए कहा कि सुसाइड मामले के आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि करवाई जाए। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मंच से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य अतिथियों का स्वागत किया और अंत में भाजपा के जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया।


About The Author
संबंधित समाचार



