Nuh mewat News: समाधान शिविर में अधिकारियों ने सुनीं आमजन की समस्याएं, त्वरित निपटान के दिए निर्देश
जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
नूंह,:जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त अखिल पिलानी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में एसीयूटी अमितेज पॉंगती व एसडीएम कुँवर आदित्य विक्रम ने लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने बिजली, पानी, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में कुल 13 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
एसीयूटी अमितेज पॉंगती ने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए। सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित निपटान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
एसडीएम कुँवर आदित्य विक्रम ने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। आमजन को प्रशासनिक प्रक्रियाओं की सही जानकारी देकर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इन समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।




