मीडिया की समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी - उपायुक्त अखिल पिलानी

नारद मुनि जयंती पर आयोजित पत्रकार मिलन समारोह में पत्रकारों का हुआ सम्मान

Desh Rojana
On

सरदार गुरमुख सिंह वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह के प्रांगण में शुक्रवार को महर्षि नारद मुनि जयंती के उपलक्ष्य में विश्व संवाद केंद्र हरियाणा की नूंह इकाई द्वारा 11वें पत्रकार मिलन समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

नूंह: सरदार गुरमुख सिंह वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह के प्रांगण में शुक्रवार को महर्षि नारद मुनि जयंती के उपलक्ष्य में विश्व संवाद केंद्र हरियाणा की नूंह इकाई द्वारा 11वें पत्रकार मिलन समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त नूंह अखिल पिलानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि शिक्षाविद् डॉ. अशोक दिवाकर मुख्य वक्ता रहे। वरिष्ठ समाजसेवी सरदार जीएस मलिक और भाजपा मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि नारद मुनि के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।IMG-20260515-WA0048
अपने संबोधन में उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज के प्रति इसकी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मीडिया केवल समाचार प्रसारित करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ी योजनाओं, विकास कार्यों और सकारात्मक प्रयासों को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावशाली प्लेटफॉर्म भी है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया अहम भूमिका निभाता है।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और डिजिटल युग का दौर है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया ने सूचना प्रसारण के तरीकों को पूरी तरह बदल दिया है। आज डिजिटल माध्यमों के जरिए सूचनाएं बहुत तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं, ऐसे में मीडिया की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे निष्पक्षता, ईमानदारी और सामाजिक सरोकारों के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा दें।
उन्होंने कहा कि यदि मीडिया विकास कार्यों, जनहितकारी योजनाओं और समाज में हो रहे अच्छे प्रयासों को प्रमुखता से सामने लाएगा तो इससे समाज को नई दिशा मिलेगी और लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समस्याओं को उजागर करना ही नहीं, बल्कि लोगों को उन योजनाओं और अवसरों की जानकारी देना भी है, जिनसे वे लाभान्वित हो सकें। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने भी मीडिया की वर्तमान चुनौतियों और बदलती भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
मुख्य वक्ता डॉ. अशोक दिवाकर ने कहा कि महर्षि नारद मुनि वास्तव में एक सच्चे संवाददाता और समाज को जागरूक करने वाले थे। उन्होंने कहा कि आज का पत्रकार भी अनेक चुनौतियों, आलोचनाओं और अपमान का सामना करते हुए समाजहित में कार्य करता है, ठीक उसी प्रकार जैसे नारद मुनि करते थे। नारद मुनि जी का संदेश था कि भक्ति ज्ञान व सत्य के मार्ग पर चलकर जीवन को श्रेष्ठ बनाया जा सकता है। वे संगीत और वीणा वादन के भी आचार्य थे।
वरिष्ठ समाजसेवी सरदार जीएस मलिक ने कहा कि मेवात के पत्रकार हमेशा सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से समाज जागरण का कार्य करते आए हैं। भाजपा मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी ने कहा कि पत्रकार बिना किसी स्वार्थ और लालच के समाज कल्याण के लिए कार्य करते हैं। मेवात के पत्रकार चुनौतीपूर्ण परि​स्थितियों में जिले के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे है, जो तिरस्कार नहीं ब​ल्कि पुरुस्कार के हकदार है और विश्व संवाद केंद्र उनके इस कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विश्व संवाद केंद्र नूंह से नवीन कुमार पुन्हाना, दिनेश देशवाल, सोनू वर्मा सहित जिलेभर के पत्रकार उपस्थित रहे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad