Nuh/Mewat News: शादी में मदद के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़ा आरोपी दो साल बाद गिरफ्तार
जिले में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता, मोटरसाइकिल, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर कथित रूप से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में थाना रोजकामेव पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक आरोपी को लगभग दो वर्ष बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र रुस्तम निवासी गांव घासेड़ा, थाना सदर नूंह के रूप में हुई है।
नूंह: जिले में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता, मोटरसाइकिल, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर कथित रूप से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में थाना रोजकामेव पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक आरोपी को लगभग दो वर्ष बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र रुस्तम निवासी गांव घासेड़ा, थाना सदर नूंह के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में थाना रोजकामेव में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में नाम सामने आया था और वह अब तक गिरफ्तारी से बचता रहा था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पहला मामला गांव उदाका निवासी मुबारिक पुत्र दीन मोहम्मद की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी और उसके अन्य साथियों ने शादी में मदद दिलाने का भरोसा देकर मुबारिक और उसके भाई कय्यूम से लाखों रुपये लिए थे। आरोप था कि बेटियों की शादी के लिए मोटरसाइकिल, फर्नीचर, घरेलू सामान और कन्यादान राशि देने का वादा किया गया, लेकिन तय वादों के अनुरूप सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि उन्हें केवल आंशिक सामान दिया गया, जबकि अधिकांश वादे अधूरे रह गए।
इसी प्रकार थाना रोजकामेव में दर्ज एक अन्य मामले में भी आरोप लगाया गया था कि बेटियों की शादी में सहायता दिलाने के नाम पर लोगों से बड़ी रकम एकत्र की गई और बाद में उन्हें टालमटोल कर ठगी का शिकार बनाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की थी। कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अदालत में चालान पेश किया जा चुका है, जबकि कुछ आरोपी नियमित जमानत पर हैं। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों की जांच के दौरान आसिफ की भूमिका सामने आई थी।गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई तथा मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई गई। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसके 14 दिन के न्यायिक रिमांड की मांग की गई।
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले नूंह जिले में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में मदद दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ था। इस मामले से जुड़े आरोपों के आधार पर जिले के विभिन्न थानों में अनेक मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस लगातार इस नेटवर्क की जांच कर रही है और उससे जुड़े लोगों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



