Nuh/Mewat News: मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दल एवं बीएलए सक्रिय भूमिका निभाएं : डीसी अखिल पिलानी
विशेष अभियान के तहत 12, 13, 26 व 27 सितंबर को लगाए जाएंगे शिविर, पात्र मतदाता अवश्य करवाएं नाम दर्ज
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में सोमवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) तथा निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, विशेष अभियान कार्यक्रम तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
नूंह: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में सोमवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) तथा निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, विशेष अभियान कार्यक्रम तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने बताया कि जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में फॉर्म-6, फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। विधानसभा क्षेत्र नूंह में फॉर्म-6 के 1451, फॉर्म-7 के 23992 तथा फॉर्म-8 के 1880 आवेदन प्राप्त हुए हैं। फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-6 के 2211, फॉर्म-7 के 22846 तथा फॉर्म-8 के 2026 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-6 के 1653, फॉर्म-7 के 25009 तथा फॉर्म-8 के 1822 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिले में कुल 82,890 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 75,200 का निस्तारण किया जा चुका है तथा शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाई गई है। पात्रता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। नए मतदाता का नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 तथा संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा। सभी आवेदनों के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के अंतर्गत 12, 13, 26 एवं 27 सितंबर को सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहकर मतदाताओं के दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे तथा आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगे।
उपायुक्त अखिल पिलानीे ने मतदाता सूचियों में जारी नोटिसों की सुनवाई एवं निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके मामलों की नियमानुसार सुनवाई कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड किए जाएं तथा अंतिम प्रकाशन से पूर्व सभी प्रविष्टियों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने मतदाता सूची के अंग्रेजी संस्करण में मतदाताओं एवं उनके परिजनों के नामों में मौजूद अल्फान्यूमेरिक अथवा विशेष अक्षरों संबंधी त्रुटियों को दूर करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गलत फोटो अथवा अन्य त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को भी समयबद्ध तरीके से ठीक किया जाए ताकि मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित बन सके।
उपायुक्त ने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने बीएलए के माध्यम से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा अपात्र नामों को हटाने में सहयोग करें। उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि आमजन द्वारा नोटिस, दावे, आपत्तियों तथा मतदाता पहचान पत्र से संबंधित शिकायतों का शीघ्र एवं पारदर्शी निस्तारण किया जाए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए हेल्पलाइन का उपयोग कर सकते हैं।
बैठक में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, सुपरवाइजरों तथा बूथ लेवल अधिकारियों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। सभी संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दल इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें। इस अवसर पर एसडीएम फिरोजपुर झिरका रूहानी(आई ए एस), एसडीम पुनहाना अमित कुमार, एसडीम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, नगराधीश अप्रितम सिंह तथा नायब तहसीलदार इलेक्शन राजेंद्र हुड्डा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलओ उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



