डिजिटल जनगणना पोर्टल पर स्व-गणना करना बेहद सरल और सुरक्षित
16 से 30 अप्रैल तक चलने वाले विशेष अभियान में करें भागीदारी : उपायुक्त अखिल पिलानी
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा आयोजित की जा रही जनगणना-2027 बेहद खास और आधुनिक है, क्योंकि यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा आयोजित की जा रही जनगणना-2027 बेहद खास और आधुनिक है, क्योंकि यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है। इस डिजिटल पहल का सबसे महत्वपूर्ण पहलू स्व-गणना है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक स्वयं अपने और अपने परिवार का विवरण सरकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकता है। इस डिजिटल क्रांति का हिस्सा बनें और 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच चलने वाले इस विशेष अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करें।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि केंद्र सरकार जनगणना प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए स्व-गणना पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि आंकड़ों की शुद्धता बनी रहे और आमजन को अपने घर के दरवाजे पर किसी प्रगणक का इंतजार करने के बजाय अपनी सुविधानुसार विवरण भरने की आजादी मिले।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना करना न केवल सुरक्षित है बल्कि यह समय की बचत भी करता है। इसलिए जिले के सभी शिक्षित युवा, कर्मचारी और जागरूक नागरिक अपने मोबाइल या लैपटॉप के जरिए इस पोर्टल का उपयोग करें। डिजिटल जनगणना पोर्टल पर स्व-गणना करना बेहद सरल और सुरक्षित है।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले नागरिक को आधिकारिक जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के सफल होने पर मोबाइल पर एक वन-टाइम पासवर्ड प्राप्त होगा, जिसे दर्ज करने के बाद लॉगिन किया जा सकेगा। इसके पश्चात स्क्रीन पर मांगी गई आवश्यक जानकारी, जैसे परिवार के सदस्यों के नाम, आयु, शिक्षा और अन्य विवरण को ध्यानपूर्वक भरना होगा।
पूरा विवरण भरने के बाद डेटा को सबमिट करें। सबमिट होते ही एक संदर्भ संख्या प्राप्त होगी, जिसे भविष्य के लिए सुरक्षित रखें। जब प्रगणक घर का दौरा करेंगे, तो केवल यह संदर्भ संख्या दिखाने पर गणना प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूर्ण हो जाएगी।




