जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में अधिकारी दिखाएं संवेदनशीलता : उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ
गुरुवार को समाधान शिविर में उपायुक्त ने सुनी आमजन की शिकायतें, अधिकारियों को दिए प्रभावी निस्तारण के निर्देश
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनहित की रक्षा करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
पलवल: उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनहित की रक्षा करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनें तथा प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करें, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय मिल सके।
उपायुक्त बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि समाधान शिविरों का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि मौके पर ही अधिकतम मामलों का प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और यथासंभव उसी दिन समाधान सुनिश्चित किया जाए।

डा. वशिष्ठ ने कहा कि प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह बनाते हुए पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए, ताकि उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा सके और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में गांव खाम्बी से जमाबंदी से संबंधित तथा किसी अन्य गांव में मंदिर के नजदीक खुले शराब के ठेके को बंद करवाने, कल्याण विभाग में मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना संबंधी मामला, फसल से संबंधित लॉस, पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप स्कीम बारे, एक निजी विद्यालय के वाहन चालक के वेतन संबंधी, बीपीएल कार्ड धारकों की शिकायतें आई, जिनका मौके पर ही निवारण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, सीटीएम प्रीति रावत, जिला राजस्व अधिकारी बलराज, तहसीलदार दिनेश कुमार, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत, उप सिविल सर्जन डा. रामेश्वरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



