Haryana News: 17 सितंबर को लॉन्च होगा ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का ऐप, महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ, अशोक सैनी
हरियाणा सरकार की दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को इक्कीस सौ रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
हरियाणा: हरियाणा सरकार की दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को इक्कीस सौ रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सम्मान को बढ़ावा मिलेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक सैनी ने बताया कि 17 सितंबर को भाजपा सेवा दिवस के अवसर पर लाडो लक्ष्मी योजना का आधिकारिक ऐप लॉन्च किया जाएगा। ऐप के माध्यम से पात्र महिलाएं योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया भी सरल और सुविधाजनक तरीके से पूरी कर सकेंगी।
उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से महिलाओं को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश की कोई भी पात्र महिला जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
अशोक सैनी ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। उन्होंने जिले की पात्र महिलाओं से अपील की कि 17 सितंबर को ऐप लॉन्च होने के बाद योजना से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करें और आवेदन प्रक्रिया का लाभ उठाएं।
उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “महिला सशक्त होगी तो परिवार मजबूत होगा और परिवार मजबूत होगा तो प्रदेश भी मजबूत बनेगा।”




