कॉन्ट्रैक्टर या कोई वेंडर खड़ा होकर कहे कि केजरीवाल ने पैसे मांगे, तो मैं पॉलिटिक्स छोड़ दूंगा - अरविन्द केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर मोदी सरकार के खिलाफ एक बड़ी रैली की। जब से शराब घोटाला केस में केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत सभी 23 लोगों को निचली अदालत ने बरी किया है केजरीवाल फॉर्म में हैं।
नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर मोदी सरकार के खिलाफ एक बड़ी रैली की। जब से शराब घोटाला केस में केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत सभी 23 लोगों को निचली अदालत ने बरी किया है केजरीवाल फॉर्म में हैं। शराब घोटाले से क्लीन चिट मिलने के बाद केजरीवाल का जोश सातवें आसमान पर है और वह लगातार पीएम मोदी और बीजेपी पर तीखे हमले कर रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी को देश से कोई लेना देना नहीं है। उन्हें केवल सत्ता की हवस है और सत्ता के लिए तमाम षड्यंत्र रचते हैं। अपनी सत्ता की हवस के लिए यह लोगों के वोट कटवा रहे हैं, फर्जी वोट बनवा रहे हैं। साड़ियां, चप्पल और कंबल बांट रहे हैं। मोदी जी, आप सत्ता की हवस को पूरा करने के लिए काम करो और अरविंद केजरीवाल देश के लिए काम करेगा। लेकिन ध्यान रखना आज से बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
केजरीवाल ने कहा, 'IIT में मेरे बहुत अच्छे नंबर आए थे। मैं पढ़ाई में अच्छा था। अगर मैं चाहता तो अमेरिका जाकर पढ़ सकता था। मेरे कई दोस्त अमेरिका गए। लेकिन उस समय मेरे मन में एक ख्याल आया: हमारे देश की हालत बहुत खराब है। अगर हम सब पढ़े-लिखे लोग, IIT और बड़े इंस्टीट्यूशन में पढ़कर अमेरिका चले गए, तो हमारे देश का ख्याल कौन रखेगा? हमारे देश को कौन ठीक करेगा? मैं अमेरिका नहीं गया। मैं इंडिया में ही रहा।'
उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि प्राइम मिनिस्टर मोदी मुझसे क्यों नफरत करते हैं। प्राइम मिनिस्टर मोदी ने मेरे खिलाफ अनगिनत इंक्वायरी करवाईं। 10 साल में एक पैसा भी करप्शन का नहीं मिला। अगर दिल्ली सरकार का कोई कॉन्ट्रैक्टर, कोई वेंडर खड़ा होकर कहे कि केजरीवाल ने पैसे मांगे, तो मैं पॉलिटिक्स छोड़ दूंगा...'
केजरीवाल ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि दिल्ली में एक साल पहले भाजपा की सरकार आई थी और उसके भुक्त भोगी यहां मौजूद हैं। इन्होंने रैलियों में बड़े-बड़े जुमले दिए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करी थीं। लेकिन अब इन्होंने हजारों लोगों की नौकरियां छीन ली हैं। अब दिल्ली वाले कह रहे हैं कि आप की सरकार ही बढ़िया थी।
केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी ने मुझे गिरफ्तार करके पूरे देश को संदेश देना चाहा कि अगर ईमानदारी से काम करोगे तो अरविंद केजरीवाल जैसा हाल कर दूंगा। आम आदमी पार्टी ने देश के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को उम्मीद दी और भाजपा को इससे डर लग गया था, इसलिए मुझे जेल में डाला गया।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



