Faridabad News : धान खरीद की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल ने की समीक्षा बैठक

किसानों की फसल का सत्यापन, मंडियों में आवश्यक सुविधाएं और धान की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

Desh Rojana
On

हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल ने धान खरीद की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर फरीदाबाद स्थित कैंप ऑफिस में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल ने धान खरीद की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर फरीदाबाद स्थित कैंप ऑफिस में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में धान की आवक, खरीद प्रक्रिया, किसानों की फसल का सत्यापन, मिलर्स के साथ लिंकेज, परिवहन व्यवस्था तथा मंडियों में किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। a

बैठक के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि बल्लभगढ़ अनाज मंडी में धान की आवक शुरू हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष धान की विभिन्न किस्मों की बिजाई एवं आवक को ध्यान में रखते हुए खरीद की तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर दर्ज फसल के आंकड़ों के आधार पर खरीद व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल ने निर्देश दिए कि मंडियों में केवल पंजीकृत एवं सत्यापित किसानों की फसल की खरीद सुनिश्चित की जाए। फसल के सत्यापन और किसान की पहचान के लिए निर्धारित प्रक्रिया का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि दूसरे क्षेत्रों से धान लाकर स्थानीय खरीद व्यवस्था का अनुचित लाभ उठाने की संभावनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी शुरुआती चरण से ही सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने मिलर्स के साथ धान की लिंकेज प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि खरीद शुरू होने के साथ ही उठान एवं परिवहन की व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने खरीद एवं उठान से संबंधित रिकॉर्ड को ऑनलाइन पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिवहन और स्टॉक की निगरानी करने पर भी जोर दिया। बैठक में मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, अटल किसान कैंटीन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मंडियों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस पर आयुक्त एवं सचिव ने निर्देश दिए कि किसानों को फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और बारिश अथवा अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए भी आवश्यक इंतजाम पहले से किए जाएं। उन्होंने कहा कि धान खरीद प्रक्रिया के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो और सरकारी खरीद व्यवस्था पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संचालित हो सके। समीक्षा बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad