Nuh Nagina News: नंबरदारों की मांगों को लेकर नगीना में बैठक, 15 हजार रुपये मासिक मानदेय देने की उठी मांग
नंबरदारों की नियुक्तियों पर लगी रोक हटाने, आयुष्मान योजना और रोडवेज किराया छूट का लाभ देने की मांग, 25 अक्टूबर को फिरोजपुर झिरका में होगी अगली बैठक
हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन ने नंबरदारों की लंबित मांगों को लेकर अपना आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को नगीना स्थित बीडीपीओ कार्यालय में एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई।
नगीना (नूंह): हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन ने नंबरदारों की लंबित मांगों को लेकर अपना आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को नगीना स्थित बीडीपीओ कार्यालय में एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष यूनुस अलवी ने की। बैठक में नगीना खंड प्रधान अबरार खान, पुनहाना खंड प्रधान नूरदीन, नूंह खंड प्रधान फखरुद्दीन सहित विभिन्न गांवों के प्रमुख नंबरदार मौजूद रहे। बैठक में नंबरदारों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की गई।

बैठक में यूनुस अलवी ने कहा कि नंबरदारों को पिछले करीब 15 वर्षों से तीन हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में चौकीदारों को 400 रुपये और नंबरदारों को 500 रुपये मासिक मिलते थे, लेकिन वर्तमान में चौकीदारों का मानदेय बढ़कर 12 हजार से 18 हजार रुपये तक पहुंच गया है, जबकि नंबरदार अब भी तीन हजार रुपये पर अटके हुए हैं। उन्होंने सरकार से नंबरदारों का मासिक मानदेय कम से कम 15 हजार रुपये करने की मांग की।
यूनुस अलवी ने आरोप लगाया कि पिछले आठ से दस वर्षों से कई स्थानों पर मृत नंबरदारों के रिक्त पदों पर नई नियुक्तियां नहीं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नंबरदारों की नियुक्ति प्रक्रिया को फिर से शुरू किया जाए और खाली पदों को नियमानुसार भरा जाए। साथ ही नंबरदारों के अधिकारों और उनकी पारंपरिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने की मांग उठाई।
बैठक में नंबरदारों को पांच लाख रुपये तक की आयुष्मान योजना का लाभ देने तथा सरकारी घोषणा के अनुसार रोडवेज बसों में किराया छूट सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन सुविधाओं का लाभ नंबरदारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। इसके अलावा पंचायत, ब्लॉक समिति और जिला परिषद में नंबरदारों को मनोनीत प्रतिनिधि के रूप में शामिल करने की मांग भी रखी गई।
नंबरदारों के अधिकारों को मजबूत करने पर जोर:
वक्ताओं ने कहा कि नंबरदार गांव में राजस्व संबंधी कार्यों और प्रशासन के सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनके पद और सम्मान को कमजोर नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नंबरदारों की समस्याओं को लेकर अब ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिन्हें आगे जिला और राज्य स्तर तक ले जाया जाएगा। नगीना खंड प्रधान अबरार खान ने कहा कि बैठक में नंबरदारों ने अपनी मांगें रखी हैं और सरकार से उन्हें पूरा करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नगीना में 11 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो संगठन की मांगों को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगी।
वहीं, अन्य नंबरदारों ने भी एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि संगठन की मांगों के समर्थन में सभी नंबरदार मिलकर प्रयास करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि नंबरदारों की नियुक्तियों से लेकर मानदेय और अन्य सुविधाओं तक के मुद्दों का समाधान होना चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगली बैठक 25 अक्टूबर को फिरोजपुर झिरका में आयोजित की जाएगी। इसके बाद नूंह जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय बैठक करने की भी योजना है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ब्लॉक स्तर से शुरू हुआ यह अभियान आगे हरियाणा स्तर तक ले जाया जाएगा, ताकि नंबरदारों की मांगों को सरकार के सामने मजबूती से रखा जा सके।

About The Author
संबंधित समाचार



