Gurugram / Sohna News: गठन, सामाजिक सुधार और राजनीतिक भागीदारी पर गुर्जर समाज का बड़ा मंथन
हरियाणा में स्थित करीब 20 गुर्जर धर्मशालाओं एवं सामुदायिक भवनों के प्रधानों तथा कार्यकारिणी सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को गुरुग्राम के सेक्टर-61 स्थित राजेश पायलट गुर्जर भवन में आयोजित हुई।
सोहना । हरियाणा में स्थित करीब 20 गुर्जर धर्मशालाओं एवं सामुदायिक भवनों के प्रधानों तथा कार्यकारिणी सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को गुरुग्राम के सेक्टर-61 स्थित राजेश पायलट गुर्जर भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता ऋषिपाल कसाना ने की। बैठक में समाज के प्रबुद्धजनों ने गुर्जर समाज को अधिक संगठित, शिक्षित और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत मंथन किया। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय गुर्जर धर्मशाला कुरुक्षेत्र को गुर्जर समाज हरियाणा का मुख्यालय बनाया जाएगा। साथ ही तय किया गया कि धर्मशाला का जो भी प्रधान होगा, वही सर्वसम्मति से संगठन का भी प्रधान माना जाएगा।बैठक के दौरान समाज में व्याप्त कुरीतियों को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। 
वक्ताओं ने दहेज प्रथा, भात-न्योतने की परंपरा में बढ़ती फिजूलखर्ची, भात भरने में कम से कम लोगों की भागीदारी, विवाह उपरांत रिश्तों में बढ़ते विवाद, डीजे संस्कृति जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने और समाज को शिक्षित एवं विकसित बनाने पर जोर दिया। इसके लिए गठित समिति का अध्यक्ष अनंत राम तंवर को बनाया गया। बैठक में मौजूद सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने गुर्जर समाज की एकता को मजबूत करने, सामाजिक उत्थान के साथ-साथ राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और सरकार में समाज की प्रभावी हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में संगठित समाज ही अपनी ताकत दिखा सकता है और तभी समाज को उसका मान-सम्मान मिल सकता है।अध्यक्षीय संबोधन में ऋषिपाल कसाना ने कहा कि समाज के हितों को सर्वोपरि रखते हुए अब पूरे हरियाणा में एक समन्वित अभियान चलाया जाएगा, ताकि सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर समाज को शिक्षा, संगठन और राजनीतिक भागीदारी के स्तर पर नई मजबूती दी जा सके। बैठक का समापन गुर्जर समाज की एकता, जागरूकता और सामूहिक शक्ति को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



