Gurugram / Sohna News: कांग्रेस में फिर चर्चा के केंद्र में ‘भारद्वाज फैक्टर’
हरियाणा कांग्रेस ने करीब 12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद 103 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठनात्मक ढांचे को फिर से सक्रिय करने की कवायद शुरू की है।
सोहना। हरियाणा कांग्रेस ने करीब 12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद 103 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठनात्मक ढांचे को फिर से सक्रिय करने की कवायद शुरू की है। इसी कड़ी में सोहना (ग्रामीण) ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी शैलेश चेयरमैन को सौंपे जाने के बाद स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वैसे तो शैलेश चेयरमैन का राजनीतिक सफर किसी परिचय का मोहताज नहीं रहा है। इंडियन नेशनल लोकदल के दौर में वे मार्केट कमेटी चेयरमैन के पद पर रहे और सोहना हल्के में संगठनात्मक जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। बाद में इनेलो के टूटने के बाद उन्होंने जननायक जनता पार्टी का दामन थामा और वहां भी हल्का प्रधान जैसे अहम पद पर रहे।
मगर राजनीतिक दिलचस्पी की असली वजह उनका पिछला राजनीतिक पड़ाव नहीं, बल्कि कांग्रेस में उनकी एंट्री के बाद घटनाक्रम की रफ्तार है। विगत विधानसभा चुनाव के दौरान शैलेश चेयरमैन ने जननायक जनता पार्टी छोड़कर हरियाणा कांग्रेस के तत्कालीन कार्यकारी अध्यक्ष जितेन्द्र भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस जॉइन की थी और अब अपेक्षाकृत कम समय में उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है। यही वजह है कि सोहना की राजनीतिक फिजाओं में इन दिनों एक चर्चा तेजी से तैर रही है कि कांग्रेस संगठन में आज भी ‘भारद्वाज फैक्टर’ पहले की तरह प्रभावी बना हुआ है। इन चर्चाओं को उस समय और हवा मिल गई जब सोमवार को शैलेश चेयरमैन ने अपने निज निवास रिठौज पर जितेन्द्र भारद्वाज के स्वागत और अभिनंदन का कार्यक्रम रखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह संकेत देने में कोई कसर नहीं छोड़ी कि संगठन के भीतर कुछ राजनीतिक रिश्ते केवल औपचारिक नहीं होते। सियासत के जानकार इसे एक सामान्य स्वागत कार्यक्रम से ज्यादा राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहे हैं। क्योंकि राजनीति में कई बार पद की घोषणा जितनी अहम नहीं होती, उससे ज्यादा चर्चा इस बात की होती है कि उस पद तक पहुंचने के पीछे किसका विश्वास, किसका प्रभाव और किसका राजनीतिक वजन काम आया।
फिलहाल सोहना में चर्चा सिर्फ नई नियुक्ति की नहीं… बल्कि इस बात की भी है कि कांग्रेस के भीतर कुछ समीकरण बदलते वक्त के बावजूद अब भी पहले जैसे ही कायम दिखाई दे रहे हैं।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



