महिलाओं की सुरक्षा,सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता: चेयरपर्सन रेनू भाटिया
महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने हांसी के विश्राम गृह में अधिकारियों के साथ जिला हांसी तथा फतेहाबाद के 22 मामलों की गहनता से सुनवाई की
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने हांसी पहुंचकर स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के कांफ्रेंस हॉल में जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हांसी तथा फतेहाबाद के कुल 22 मामलों की दोनों पक्षों की उपस्थिति में गहनता से तह तक जाकर सुनवाई की।
हांसी: हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने हांसी पहुंचकर स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के कांफ्रेंस हॉल में जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हांसी तथा फतेहाबाद के कुल 22 मामलों की दोनों पक्षों की उपस्थिति में गहनता से तह तक जाकर सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की। चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने इस दौरान एक पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया और पत्रकारों के सवालों का जवाब भी दिया।
चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा कि महिलाओं के उत्थान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा महिलाओं को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार और जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि आज हांसी जिला बनने के बाद पहली बार एक कार्यक्रम के तहत 12 मामलों की सुनवाई दोनों पक्षों की उपस्थिति में गहनता से की गई है, जिसमें दो केस लंबित रखे गए हैं। तीन मामलों में अधिकारियों को रिइंक्वारी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि आज फतेहाबाद जिले के भी 12 मामलों की सुनवाई की है। जिसमें दो मामले पेंडिंग रखे गए हैं।
चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा कि उन्होंने महिला आयोग में आने के बाद आज तक 14700 केसों की गहनता से सुनवाई की है। जिसमें पाया कि हमारे समाज में संस्कार विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है इसलिए इसका उपयोग देश और प्रदेश के विकास, समाजहित एवं आवश्यकता अनुसार किया जाना चाहिए।
बैठक में महिला कल्याण योजनाओं, शिकायत निवारण और सुरक्षा उपायों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। चेयरपर्सन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए़।
इसके उपरांत महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने हांसी के महिला थाने का भी निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों का आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाली महिलाओं के साथ अच्छा व्यवहार कर उनकी बात को गंभीरता से सुनना चाहिए और न्याय दिलाने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने महिला थाने में रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया और बिजली पानी सफाई आदि का भी निरीक्षण किया
इस अवसर पर हांसी के एसडीएम राजेश खोथ, डीएसपी विनोद शंकर, डीएसपी देवेंद्र नैन, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता, इंस्पेक्टर संदीप श्योराण सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी,प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।




