Hansi Hisar: भीषण गर्मी में सावधानी ही सुरक्षा : डीसी राहुल नरवाल
डीसी राहुल नरवाल बोले दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें
उपायुक्त राहुल नरवाल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान में बढ़ती गर्मी और हीट वेव को देखते हुए सभी नागरिक विशेष सावधानी बरतें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण लू लगने, डिहाइड्रेशन तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए नागरिकों को अपनी दिनचर्या में आवश्यक बदलाव करते हुए सुरक्षित रहने की जरूरत है।
हांसी: उपायुक्त राहुल नरवाल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान में बढ़ती गर्मी और हीट वेव को देखते हुए सभी नागरिक विशेष सावधानी बरतें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण लू लगने, डिहाइड्रेशन तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए नागरिकों को अपनी दिनचर्या में आवश्यक बदलाव करते हुए सुरक्षित रहने की जरूरत है।
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा बीमार व्यक्तियों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी के दौरान शरीर में पानी की कमी होना सामान्य बात है, इसलिए लोगों को नियमित अंतराल पर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए तथा घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिक हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें।

उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप सबसे अधिक तेज होती है, इसलिए इस दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि किसी कारणवश बाहर जाना आवश्यक हो तो छायादार स्थानों का उपयोग करें तथा समय-समय पर आराम अवश्य करें। खेतों, निर्माण कार्यों तथा खुले स्थानों पर कार्य करने वाले श्रमिकों और किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उपायुक्त ने कहा कि अधिक गर्मी के कारण चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना आना, शरीर में कमजोरी महसूस होना अथवा बेहोशी जैसी स्थिति होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डीसी राहुल नरवाल ने नागरिकों से गर्मी के मौसम में पक्षियों एवं पशुओं की देखभाल करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान के कारण पक्षियों को पानी और भोजन की भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोग अपने घरों की छतों, बालकनी, पार्कों तथा सार्वजनिक स्थानों पर मिट्टी या अन्य बर्तनों में स्वच्छ पानी एवं दाना अवश्य रखें। उन्होंने कहा कि छोटी-सी यह पहल अनेक पक्षियों और पशुओं के जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध हो सकती है।
डीसी ने कहा कि जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भाव हमारी संस्कृति की पहचान है तथा सभी नागरिकों को इस दिशा में आगे आकर योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि गर्मी से बचाव संबंधी जानकारी अपने परिवार, पड़ोसियों तथा जरूरतमंद लोगों तक भी पहुंचाएं ताकि सभी सुरक्षित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



