समाधान शिविर की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें अधिकारी: एडीसी लक्षित सरीन
एडीसी बोले -जैसे ही कोई शिकायत पोर्टल पर दर्ज होती है, संबंधित विभाग उसे तुरंत अंडरटेक कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ करे
अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी लक्षित सरीन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
हांसी :अतिरिक्त उपायुक्त एवं डीएमसी लक्षित सरीन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एडीसी लक्षित सरीन बुधवार को अपने कार्यालय में जिला समाधान प्रकोष्ठ से जुड़े अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जैसे ही कोई शिकायत पोर्टल पर दर्ज होती है, संबंधित विभाग उसे तुरंत अंडरटेक कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ करे। शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता बनाए रखते हुए प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतकर्ता को समय पर राहत मिल सके।
एडीसी ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण कर अनिवार्य रूप से एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर अपलोड करें। लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाएगी और यदि किसी मामले में अनावश्यक देरी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों का दायित्व है कि वे आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत करें।
इस अवसर पर नारनौंद के एसडीएम विकास यादव, नायब तहसीलदार नरेंद्र कुमार व कृष्ण कुमार, बीडीपीओ सत्यवान व अशोक कुमार, नगर पालिका सचिव प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



