पीस कमेटी बैठक में इनेलो नेता हबीब हवनगर ने सामाजिक सुधार के उठाए मुद्दे
इनेलो नेता हबीब हवनगर ने प्रशासनिक कार्रवाई का किया समर्थन, समाज से भी सहयोग की अपील
इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता हबीब हवनगर ने हाल ही में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में कई अहम सामाजिक और प्रशासनिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर बढ़ती अव्यवस्था और अशोभनीय गतिविधियों पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन की सख्ती की सराहना की।
मेवात/नूंह: इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता हबीब हवनगर ने हाल ही में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में कई अहम सामाजिक और प्रशासनिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया पर बढ़ती अव्यवस्था और अशोभनीय गतिविधियों पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन की सख्ती की सराहना की।
हबीब हवनगर ने कहा कि एसपी द्वारा फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ और अश्लील सामग्री के खिलाफ जो कार्रवाई की जा रही है, वह सराहनीय है और इसे और सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जो लोग सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक सामग्री फैलाते हैं, उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाने चाहिए।
उन्होंने रातभर चलने वाले डांस प्रोग्राम और उसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें वायरल करने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे समाज में गलत संदेश जाता है। ऐसे मामलों में भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

हवनगर ने कहा कि प्रशासन जो कदम उठा रहा है, वह वही कार्य हैं जो समाज को स्वयं करने चाहिए थे। उन्होंने मेवाती समाज के लोगों, खासकर उलेमाओं से अपील की कि वे जुमे की नमाज के बाद इन मुद्दों पर जागरूकता फैलाएं और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से व्यापक स्तर पर संदेश दें, ताकि पूरे समाज और प्रशासन तक सकारात्मक संदेश पहुंचे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेवाती समाज का कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति न तो साइबर अपराधियों के साथ है और न ही किसी गलत गतिविधि का समर्थन करता है। ऐसे में प्रशासन को बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाते हुए नगर के एक अस्पताल में अव्यवस्था, अधिक फीस और मृतकों के परिजनों के साथ दुर्व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगाए और इस पर सुधार की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने जिला स्तर पर संस्थानों के असमान वितरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिले के नाम पर बनने वाली सुविधाएं जिले के केंद्र में स्थापित की जानी चाहिए, ताकि सभी क्षेत्रों के लोगों को समान लाभ मिल सके। उन्होंने नर्सिंग कॉलेज और प्रस्तावित विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों को लेकर भी संतुलित और न्यायसंगत स्थान चयन की आवश्यकता पर जोर दिया।
अंत में हवनगर ने कहा कि प्रशासन, समाज और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से ही जिले का समग्र विकास संभव है।

About The Author
संबंधित समाचार



