नूंह। मेवात क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी एवं हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल इखलास को राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर आईआरबी भोंडसी पुलिस अधीक्षक आईपीएस धर्मवीर पूनिया ने सम्मानित किया। गुरुवार को अपने कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने इखलास की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
 
ikh
 
नूंह जिले के तावडू उपमंडल के गांव गवारका निवासी हेड कांस्टेबल इखलास ने मई माह में गुरुग्राम में आयोजित हाफ मैराथन में गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र और विभाग का नाम रोशन किया। इसके अलावा उन्होंने नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल्ड मेडल के साथ चार सिल्वर और चार ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। उनकी इन उल्लेखनीय उपलब्धियों को देखते हुए आईपीएस अधिकारी धर्मवीर पूनिया ने उन्हें सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।
इखलास ने बताया कि खेलों के प्रति उनकी निरंतर मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक हरियाणा पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में वह 50 गोल्ड, 20 सिल्वर और 30 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं। इसके साथ ही एशियन स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। अपनी खेल प्रतिभा और उपलब्धियों के बल पर इखलास हरियाणा पुलिस सहित पूरे मेवात क्षेत्र का गौरव बढ़ा रहे हैं।