Nuh Mewat News: मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में दें सहयोग : एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम
15 जून से 14 जुलाई तक चलेगा घर-घर सत्यापन अभियान - 22 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) नूंह कुंवर आदित्य विक्रम ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
नूंह: उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) नूंह कुंवर आदित्य विक्रम ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे प्रशासन एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का सहयोग करते हुए सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।

एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम ने शुक्रवार को नूंह उपमंडल कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं तथा एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों का सत्यापन कर आवश्यक संशोधन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाताओं से निर्धारित प्रपत्र भरवाए जाएंगे तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों का सत्यापन किया जाएगा। जिन घरों पर पहली बार कोई व्यक्ति उपलब्ध नहीं होगा, वहां बीएलओ द्वारा तीन बार संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि नूंह विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 2 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से करीब 1 लाख 50 हजार मतदाताओं का सत्यापन कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जो कुल मतदाताओं का लगभग 75 प्रतिशत है। शेष सत्यापन कार्य भी निर्धारित समयावधि में पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके उपरांत 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। सभी दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
कुंवर आदित्य विक्रम ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे बीएलओ द्वारा भरवाए गए प्रपत्रों को ध्यानपूर्वक पढ़ने के बाद ही हस्ताक्षर करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई बीएलओ अपने कार्य के प्रति लापरवाही बरतता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



