प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितंबर को होगा मेगा दिव्यांगजन कैंप का आयोजन : कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विश्व रेडक्रॉस दिवस पर रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पलवल स्थित लघु सचिवालय में आयोजित रक्तदान शिविर का रिबन काटकर शुभारंभ किया। रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढक़र सहभागिता करते हुए रक्तदान किया।
पलवल। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पलवल स्थित लघु सचिवालय में आयोजित रक्तदान शिविर का रिबन काटकर शुभारंभ किया। रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढक़र सहभागिता करते हुए रक्तदान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आगामी 17 सितंबर को एक मेगा दिव्यांगजन कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले 1000 दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरित की जाएंगी। इसके साथ ही इस दिन जरूरतमंदों को अन्य उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला से संबंधित 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों की पहचान पर उनका रजिस्ट्रेशन किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य दिव्यांग व्यक्ति दिव्यांगजन कैंप का लाभ लेने से वंचित न रहे।
रक्तदाताओं द्वारा किया गया रक्तदान समाज के लिए प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत : कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि रक्तदाताओं द्वारा किया गया रक्तदान समाज के लिए प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि समाज में जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान भी है। उन्होंने नागरिकों विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याण के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से बढ़चढक़र भागीदारी करते हुए रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंदों के जीवन को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं को स्वयं पर गर्व होना चाहिए कि उनके रक्त की एक-एक बूंद अनमोल जिंदगी बचाने के काम आएगी। उन्होंने रक्तदाताओं को बेज लगाकर और प्रशंसा पत्र वितरित कर प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक नितीश अग्रवाल, होडल के विधायक हरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



