जल शक्ति अभियान एवं जल संचय जन भागीदारी 2.0 की समीक्षा बैठक आयोजित
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने वीसी के माध्यम से दिए निर्देश
हरियाणा सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने शुक्रवार को जल शक्ति अभियान एवं जल संचय जन भागीदारी 2.0 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की।
पलवल: हरियाणा सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने शुक्रवार को जल शक्ति अभियान एवं जल संचय जन भागीदारी 2.0 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की। जिला स्तर पर वीसी में जिला पलवल की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जितेंद्र कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने जिलों द्वारा जल संरक्षण से संबंधित किए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मई एवं जून माह के दौरान जल शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से चलाया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। बैठक में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025 के लक्ष्यों एवं जल संचय जन भागीदारी 2.0 के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई अनुदान राशि के उपयोग प्रमाण पत्र समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सूची तैयार कर नियमित रूप से अद्यतन जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।

वीसी के उपरांत सीईओ जिला परिषद ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त सभी दिशा-निर्देशों के तहत जिला पलवल में जल संरक्षण से संबंधित कार्य जोकि विभिन्न विभागों द्वारा पूर्ण करवाएं जा चुके हैं, उनका विवरण जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा लांच किया गया पोर्टल जल संचय जन भागीदारी पर अपलोड किया जाए। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि पलवल जिले में जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं। जिला के कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें।
वीसी में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पलवल के उपनिदेशक डा. बाबूलाल, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता हेमंत कुमार, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता मोहित वशिष्ठï, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता वी.पी. चौहान, नगर परिषद पलवल के कार्यकारी अभियंता मनोज कुमार, जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




