Palwal News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप किया प्रदान : सुरेंद्र नागर

स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला, युवा स्वच्छता अभियानों में करें सक्रिय भागीदारी : गौरव गौतम

Desh Rojana
On

केंद्र और राज्य सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे हैं विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ रविवार को पलवल स्थित महर्षि दयानंद चौक (आगरा चौक) पर किया गया।

पलवल। केंद्र और राज्य सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे हैं विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ रविवार को पलवल स्थित महर्षि दयानंद चौक (आगरा चौक) पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्यसभा सांसद एवं हरियाणा प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर तथा हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का आह्वान किया। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों की सफाई, कचरा प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कार्यक्रम के दौरान स्वयं हाथों में झाड़ू उठाकर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा कूड़ा उठाकर कूड़े वाली गाड़ी में डलवाया। a

राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। आज भारत स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और सेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इसके लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। 

राज्यसभा सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष जन-जागरूकता एवं जनकल्याण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 'एक पेड़ मां के नाम', स्वच्छता अभियान, योग कार्यक्रम सहित अन्य प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भावी पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। राज्यसभा सांसद ने अभियान के तहत खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के साथ पौधारोपण करते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों का यह कालखंड देश के सर्वांगीण विकास का स्वर्णिम अध्याय रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है तथा स्वच्छता अभियान के माध्यम से नागरिकों में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को आगामी दिनों में भी पलवल के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रखा जाएगा ताकि स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ पलवल के निर्माण के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा 12 वर्ष के कार्यकाल में प्राप्त की गई सराहनीय उपलब्धियां को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र और प्रदेश सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल में देश-प्रदेश का तेज गति से एक समान विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि  केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा 12 वर्ष की उपलब्धियां को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष जनसंपर्क और जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि हर एक व्यक्ति तक सरकार की अंत्योदय उत्थान और जन कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके और लोग सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने इस अवसर पर रेहड़ी-फड़ी वालों व अन्य दुकानदारों को डस्टबिन वितरित करते हुए कूड़ा डस्टबिन में ही डालने का आह्वान किया। उन्होंने सभी व्यापारियों और नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में ही डालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है और जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने और स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad