राहुल गांधी के प्रति लोगों में ज़बरदस्त जोश और लगाव : बृजेंद्र सिंह
सद्भाव यात्रा को 94वें दिन हथीन विधानसभा में मिला जनसमर्थन
कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा ने अपने 94वें दिन
कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा ने अपने 94वें दिन हथीन विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया। यात्रा के दौरान क्षेत्र की जनता ने उत्साह, सहभागिता और आत्मीयता के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया।
vacancy

यात्रा की शुरुआत बृजेंद्र सिंह ने बहींन गांव में गऊशाला में गायों को चारा डाल कर की। इसके पश्चात यात्रा आली, पावसर, कोट और उटावड़ से होती हुई मलाई गांव पहुंची।यात्रा का रात्रि विश्राम जाट धर्मशाला, पलवल में किया गया।
मंगलवार को यात्रा में किशनगंज से सांसद मोहम्मद जावेद भी शामिल हुए। आली गांव में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मोहब्बत की दुकान की जो सोच सामने रखी थी, उसकी आवश्यकता आज पहले से कहीं अधिक है। उसी विचार से प्रेरित होकर बृजेंद्र सिंह द्वारा शुरू की गई सद्भाव यात्रा के जज्बे को वे सलाम करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश में भाईचारे को लगातार कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। आधी से ज्यादा आबादी को पांच किलो अनाज पर निर्भर बना दिया गया है। नौकरियां खत्म हो रही हैं, कारखाने बिक रहे हैं और जंगल-पहाड़ तक नीलाम किए जा रहे हैं। यह सब कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस यात्रा से जुड़ें, ताकि समाज को सही दिशा दी जा सके।
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हथीन क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के प्रति जनता का विशेष जोश और लगाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग आज भी उनके परदादा सर छोटूराम के किसान हितैषी कानूनों को याद करते हैं, जिनके माध्यम से 44 लाख हेक्टेयर (लगभग 1 करोड़ 10 लाख एकड़) भूमि किसानों को साहूकारों के कब्जे से मुक्त कराई गई थी।
उन्होंने कहा कि उनके पिता चौधरी बीरेंद्र सिंह का मेवात क्षेत्र से गहरा जुड़ाव रहा है। राजनीति में जब भी कुछ नया और सकारात्मक करने का प्रयास होता है, तो उसे रोकने और दबाने की कोशिशें होती हैं, लेकिन इस यात्रा से जुड़े साथी ही इसकी असली ताकत हैं।
उन्होंने कहा कि आज हथीन में सद्भाव यात्रा के माध्यम से 35वां विधानसभा क्षेत्र पूरा किया गया है। यह यात्रा भाजपा द्वारा समाज को तोड़ने की कोशिशों के खिलाफ एक मजबूत जवाब है। कांग्रेस पार्टी ही ऐसी ताकत है जो भाजपा-आरएसएस की विभाजनकारी राजनीति का डटकर मुकाबला कर सकती है।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना, महिला जिला अध्यक्ष सविता कुंडू, बिलाल अहमद, साजिद, सहनाज, जिला प्रधान अब्दुल रज्जाक, रहमत खान, डॉ. जाकिर हुसैन, हाजी हरून, हाजी अब्बास, इर्शाद चेयरमैन, हिदायत कमांडो, यावर आलम सहित बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



