Rewari News: रेवाड़ी में जनगणना कर रहे टीचर पर हमला, वीडियो वायरल
- एक बुजुर्ग ने मारपीट करने के लिए उठा लाया लाठी - पुत्रवधु ने दिया साथ, बचाव में आया पड़ोसी घायल
जिला रेवाड़ी के गांव कन्होरी में जनगणना करने गए टीजीटी अध्यापक के साथ एक बुजुर्ग द्वारा पहले मारपीट करने और बाद में लाठी उठा लाने का मामला शुक्रवार को चर्चा में रहा। अब इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है।
रेवाड़ी। जिला रेवाड़ी के गांव कन्होरी में जनगणना करने गए टीजीटी अध्यापक के साथ एक बुजुर्ग द्वारा पहले मारपीट करने और बाद में लाठी उठा लाने का मामला शुक्रवार को चर्चा में रहा। अब इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है। शोर सुनकर घर से बाहर आई पुत्रवधू ने भी अपने ससुर का साथ दिया।

मामले में बीच - बचाव करने आए पड़ोसी लाठी लगने से घायल हो गए। बुजुर्ग का बेटा दिल्ली पुलिस में कार्यरत बताया गया है। इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें बुजुर्ग अपनी पुत्रवधू के साथ मिलकर जनगणना करने गए शिक्षक पर लाठी से हमला करने का प्रयास कर रहा है। इस वीडियो में यह साफ दिखाई दे रहा है कि टीचर के साथी और एक ग्रामीण बुजुर्ग को रोकने का प्रयास करते दिख दे रहे हैं।
रोहड़ाई थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बचाव में आए ग्रामीण भी घायल
TGT पवन कुमार ने बताया कि, घटना 19 मई सुबह करीब 10 बजे की है। मैं जनगणना करते हुए दरवाजा नंबर 99 पर पहुंचा तो वहां नंबर नहीं लगा था। मैंने दरवाजे पर नंबर 99 नबंर लिखा और अगले मकान की तरफ चल पड़ा। गली में बुजुर्ग रामकिशन ने गंदी गालियां देते हुए आए और बोले मेरी आज्ञा के बिना मकान पर नंबर कैसे लिख दिया। मेरे आईकार्ड दिखाने पर थप्पड़-मुक्कों से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार सामने बैठे रणधीर ने जब जनगणना प्रगणक के बारे में बताते हुए बुजुर्ग को रोकने का प्रयास किया तो वह दौड़कर घर के अंदर से लाठी उठाकर लाए और मुझ पर हमला कर दिया। मुझे बचाने के प्रयास में रणधीर के हाथ पर चोट आई। तभी उनकी पुत्रवधू ज्योति घर से बाहर आई और रणधीर को पीटना शुरू कर दिया।
पुलिस की मौजूदगी में धमकी
शाम को जब मैं एसआई सुरेंद्र को मौका दिखाने अपने एक साथी शिक्षक के साथ उनके घर गया तो रामकिशन ने पुलिस के सामने फिर मुझे जान से मारने की धमकी दी। इस पर मेरे साथ गए एसआई ने भी कोई रिएक्ट नहीं किया। आरोपी ने दिल्ली पुलिस में कार्यरत अपने बेटे की धौंस भी दिखाई। पुलिस आरोपी के घर में लगे सीसीटीवी से भी सच्चाई का पता लगा सकती है।
जल्द आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे
रोहड़ाई थाना से जांच अधिकारी एसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच चल रही है। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। किसी को कानून हाथ में लेने और सरकारी काम में बाधा डालने की इजाजत नहीं दी जा सकती।




