Faridabad News:फरीदाबाद के NIT-3 मस्जिद चौक का बदला नक्शा: रातों-रात हटे निर्माण, सुबह चमचमाती सड़क ने सबको चौंकाया
फरीदाबाद के NIT-3 स्थित मस्जिद चौक पर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई के बाद पूरे इलाके की तस्वीर बदल गई। प्रशासन ने मलबा हटाकर रिकॉर्ड समय में 90 मीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी नई स्लिप रोड तैयार कर दी, जिससे सैनिक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
फरीदाबाद के NIT -3 स्थित मस्जिद चौक से आज जो तस्वीर सामने आई है, उसने हर किसी को चौंका दिया है। जिस जगह पर कुछ दिन पहले तक मस्जिद समेत कई निर्माण खड़े थे, वहां अब रातों-रात एक नई सड़क तैयार हो चुकी है। शनिवार देर रात शुरू हुई बुलडोजर कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र का नक्शा बदल दिया। नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में मस्जिद सहित 20 से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद बिना समय गंवाए मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू हुआ। दिन-रात चलती जेसीबी मशीनें और डंपर लगातार काम करते रहे और देखते ही देखते पूरा क्षेत्र साफ कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि जहां शनिवार तक मलबा बिखरा हुआ था, वहीं सोमवार सुबह लोगों को एक नई चमचमाती स्लिप रोड दिखाई दी। करीब 90 मीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी इस नई स्लिप रोड को तैयार करने का उद्देश्य गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड परियोजना के लिए रास्ता साफ करना है। प्रशासन का दावा है कि अब डबुआ और प्याली चौक की ओर से सैनिक कॉलोनी जाने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।

About The Author
संबंधित समाचार



