दिल्ली में 26 जनवरी से 31 मार्च तक 5 दिन ड्राई डे, इन त्योहारों पर पूरी तरह बंद रहेगी शराब बिक्री
गणतंत्र दिवस से राम नवमी तक सख्ती, सिर्फ एल-15 लाइसेंस वाले होटलों को सीमित छूट
दिल्ली सरकार ने 26 जनवरी से 31 मार्च के बीच पांच विशेष अवसरों पर ड्राई डे घोषित किया है। इन दिनों राजधानी में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि एल-15 लाइसेंस प्राप्त होटलों को मेहमानों को कमरे में शराब परोसने की सीमित अनुमति दी गई है।

राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी से 31 मार्च 2026 के बीच कुल 5 विशेष दिनों पर ड्राई डे लागू रहेगा। इन अवसरों पर शराब की खुदरा बिक्री, बार और रेस्तरां में शराब परोसने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यह फैसला सार्वजनिक व्यवस्था, धार्मिक भावनाओं और राष्ट्रीय आयोजनों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जिन दिनों ड्राई डे घोषित किया गया है, उनमें शामिल हैं:
-
26 जनवरी – गणतंत्र दिवस
-
महाशिवरात्रि
-
ईद-उल-फितर
-
राम नवमी
-
महावीर जयंती
ड्राई डे के दौरान दिल्ली की सभी शराब की दुकानें, बार और क्लब बंद रहेंगे। हालांकि सरकार ने एल-15 लाइसेंस प्राप्त स्टार और लग्जरी होटलों को सीमित छूट दी है। ऐसे होटल अपने ठहरे हुए मेहमानों को केवल कमरे के अंदर (इन-रूम डाइनिंग) शराब परोस सकेंगे, सार्वजनिक स्थानों या रेस्तरां में नहीं।
आबकारी विभाग के अनुसार, ड्राई डे के नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भारी जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई शामिल है। विभाग ने होटल, बार और शराब विक्रेताओं को पहले से निर्देश जारी कर दिए हैं।
सरकार का कहना है कि इन पवित्र और राष्ट्रीय महत्व के अवसरों पर सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्राई डे जरूरी है।




