Palwal News : राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सफल क्रियान्वयन और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरस्वती महिला महाविद्यालय ने गाड़े सफलता के झंडे
पलवल के अग्रणी शैक्षणिक संस्थान सरस्वती महिला महाविद्यालय ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर तीन बड़े प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल कर क्षेत्र का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
पलवल के अग्रणी शैक्षणिक संस्थान सरस्वती महिला महाविद्यालय ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर तीन बड़े प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल कर क्षेत्र का नाम पूरे देश में रोशन किया है। इस ऐतिहासिक दोहरी और तिहरी सफलता पर कॉलेज परिसर में एक उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज प्रबंधन और समस्त स्टाफ ने इस गौरवमयी उपलब्धि का जश्न मनाया। 
कॉलेज को मिले पुरस्कारों का विवरण इस प्रकार है: राष्ट्रीय शिक्षा नीति क्रियान्वयन उत्कृष्टता सम्मान 2025 (रजत श्रेणी): यह सम्मान हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद द्वारा उच्च शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता और नवीन प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रदान किया गया है। ट्रस्टेड एंड आउटस्टैंडिंग डिग्री व वोकेशनल कोर्सेज कॉलेज ऑफ द ईयर 2026 (उत्तर भारत): यह पुरस्कार 'इंडिया एलीट एजुकेशन एंड इंस्टीट्यूशनल एक्सीलेंस अवार्ड्स' द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट प्रशासन और महिला सशक्तिकरण की श्रेणी में दिया गया।
एक्सीलेंस इन एजुकेशनल स्टैंडर्ड्स एडॉप्टेबिलिटी एंड इम्प्लीमेंटेशन अवार्ड 2026: शैक्षणिक मानकों को बेहतरीन तरीके से लागू करने के लिए संस्थान को इस विशेष श्रेणी के तहत भी सम्मानित किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर कॉलेज के प्रेसिडेंट व एडिशनल एडवोकेट जनरल अतुल मंगला ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि ये पुरस्कार हमारी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और छात्राओं को सर्वश्रेष्ठ शिक्षा देने के हमारे संकल्प का परिणाम हैं। संस्थान के सचिव हेमचंद मंगला ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अत्यंत हर्ष व्यक्त किया और कहा कि यह सफलता संस्थान के वित्तीय प्रबंधन, सुदृढ़ आधारभूत संरचना और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
कॉलेज की डायरेक्टर मनीषा मंगला ने इस सफलता का श्रेय पूरे स्टाफ की एकजुटता और उनकी कार्यकुशलता को दिया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. वंदना त्यागी और सीनियर कोऑर्डिनेटर डॉ. नेहा आर्या सहित अन्य सभी स्टाफ सदस्यों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर खुशियां बांटीं। सभी वक्ताओं ने दोहराया कि संस्थान भविष्य में भी शिक्षा के उच्च मानकों और महिला सशक्तिकरण के मिशन को इसी तरह आगे बढ़ाता रहेगा।




