Faridabad News:मतदाता पुनरीक्षण अभियान को मिशन मोड में पूरा करें : मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए. श्रीनिवास

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)- 2026 कार्यों की समीक्षा

Desh Rojana
On

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्यों को गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए

फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्यों को गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आगामी प्रक्रियाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में सक्रिय रहकर कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रभावी रणनीति अपनाएं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास शनिवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) उपस्थित रहे।PN_5 (6)
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यों की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं प्राप्ति की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए अपेक्षाकृत कम वितरण प्रतिशत वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ईआरओ को निर्देशित किया कि वे जमीनी स्तर पर जाकर कार्यों की समीक्षा करें तथा बेहतर कार्ययोजना तैयार कर अभियान में तेजी लाएं।PN_5 (1) (1)
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण एवं संग्रहण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को बूथ स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट तथा सुपरवाइजरों और बीएलओ के साथ सतत समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में मतदाता सूची से संबंधित मैपिंग कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रगति तथा लंबित बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की और समयसीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यरत श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तथा अपेक्षाकृत कम प्रदर्शन करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की कार्यप्रणाली का भी विश्लेषण किया गया। इस दौरान अभियान के संचालन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, चुनौतियों तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ के कार्य अनुभवों को अन्य क्षेत्रों में भी अपनाया जाए, ताकि अभियान की गति और प्रभावशीलता में वृद्धि हो सके।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण, संग्रहण तथा मैपिंग कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर लंबित मामलों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के उपरांत हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास तथा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत चल रहे कार्यों का जमीनी स्तर पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-87 स्थित सुषांत पब्लिक स्कूल तथा निधि पब्लिक स्कूल में स्थापित केंद्रों का दौरा कर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण एवं संग्रहण सहित अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा आमजन से संवाद कर अभियान के संबंध में फीडबैक भी लिया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी एवं प्रभावी समन्वय के माध्यम से अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए।

बैठक में निगम एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, सीईओ जिला परिषद शिखा, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, एचएसवीपी स्टेट अधिकारी नवीन कुमार, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
 
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad